असम के कोकराझार में युवक की हत्या के बाद जबरदस्त हिंसा! आगजनी और विरोध-प्रदर्शन में दो लोगों की मौत, इंटरनेट सस्पेंड

Assam Violence: असम के कोकराझार जिले में एक युवक की हत्या के बाद भारी बवाल हो गया है। अधिकारियों ने हिंसा रोकने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए हैं। साथ ही मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। भारी पुलिस बल तैनात कर हालात संभालने की कोशिश जारी है

अपडेटेड Jan 20, 2026 पर 3:50 PM
Story continues below Advertisement
Assam Violence: असम के कोकराझार जिले में एक युवक की बेरहमी से हत्या के बाद राज्य में हालात बेकाबू हो गए हैं

Assam Violence: असम के कोकराझार जिले में एक युवक की बेरहमी से हत्या के बाद हुई हिंसक झड़पों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है। बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध-प्रदर्शन और आगजनी से इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अधिकारियों ने हिंसा रोकने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए हैं। साथ ही मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। भारी पुलिस बल तैनात कर हालात संभालने की कोशिश जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ के हमले में व्यक्ति की मौत के बाद झड़प होने के कारण आरएएफ कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि युवक की हत्या के बाद हालात बेकाबू हो गए। विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसा में तब्दील हो गया। इसमें आगजनी, तोड़फोड़ और नेशनल हाईवे जाम जैसी घटनाएं सामने आईं।

पुलिस ने बताया कि इस हिंसक विरोध-प्रदर्शन में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। पीड़ितों की पहचान सिखना ज्ह्वलाओ बिस्मित और सुनील मुर्मू के रूप में हुई है। बिस्मित को कथित तौर पर दो गुटों के बीच झड़प के दौरान पीट-पीटकर मार डाला गया। जबकि मुर्मू की बाद में हत्या के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान लगी चोटों के कारण मौत हो गई।


युवक की पीट-पीटकर हत्या

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि कोकराझार जिले में मवेशी चोरी के संदेह में भीड़ ने पीट-पीटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क निर्माण परियोजना के लिए काम कर रहे पीड़ित सोमवार रात औडांग क्षेत्र में एक स्थल के निरीक्षण के बाद एक वाहन में लौट रहे थे।

गौरी नगर-मशिंग रोड के मोड़ पर पहुंचते ही स्थानीय ग्रामीणों के एक ग्रुप ने कथित तौर पर मवेशी चोरी होने के संदेह में वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसके कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि भीड़ ने वाहन सवार लोगों पर हमला किया। फिर उसमें आग लगा दी। इससे वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

चार लोग घायल

लेकिन उनमें से एक सिखना ज्व्वलाओ बिस्मित उर्फ ​​राजा नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार चार अन्य लोग प्रभात ब्रह्मा, जुबिराज ब्रह्मा, सुनील मुर्मू और महेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज कोकराझार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रभात ब्रह्मा की हालत गंभीर बनी हुई है।

मामले की जांच शुरू

पुलिस, दमकल और इमरजेंसी कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। हालांकि कोकराझार और उसके आसपास तनाव का माहौल बना हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर किया नया अमेरिकी मैप! कनाडा, वेनेजुएला और ग्रीनलैंड को दिखाया US का हिस्सा

नेशनल हाईवे जाम

युवक की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा नेशनल हाईवे के करिगांव स्ट्रेच पर फूट पड़ा, जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दीं। इससे गाड़ियों की आवाजाही रुक गई। जैसे-जैसे तनाव बढ़ा भीड़ ने कथित तौर पर बिरसा कमांडो फोर्स के दो अस्थायी कैंपों में आग लगा दी। सिदू कान्हू भवन सहित कई संपत्तियों में तोड़फोड़ की। कई दुकानों में भी आग लगा दी गई। इससे और हिंसा फैलने का डर बढ़ गया। इसके बाद पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।