Ayodhya Ram Mandir Donation Row : अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला लगातार बड़ा होता जा रहा है। हर दिन नए बड़े खुलासे हो रहे हैं। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की टीम लगातार गहन जांच कर रही है। वहीं राम मंदिर दान विवाद के बीच अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पहला बयान सामने आया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम लला मंदिर के दान पात्रों से चोरी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे समाज और करोड़ों राम भक्तों की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंची है और सभी लोग इससे दुखी हैं। उन्होंने दान विवाद में सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा की भी मांग की है।
RSS ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) बनाया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
विवाद पर पहला बयान आया सामने
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से यह उम्मीद की जाती है कि इस घटना को एक अपवाद मानते हुए मंदिर की व्यवस्था और प्रबंधन में मौजूद सभी कमियों को जल्द दूर किया जाएगा। इससे अयोध्या आने वाले करोड़ों राम भक्तों की आस्था और विश्वास पहले की तरह मजबूत बना रहेगा और लोगों के मन में पैदा हुई शंकाएं भी खत्म होंगी। संघ ने भरोसा जताया कि मंदिर प्रबंधन और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) इस मामले में जरूरी कदम उठाएगा। साथ ही बेहतर वित्तीय व्यवस्था, पूरी पारदर्शिता और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए ट्रस्ट आगे भी राम भक्तों का भरोसा और मजबूत करेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पूरे हिंदू समाज से अपील की है कि इस मुश्किल समय में सभी लोग धैर्य और संयम बनाए रखें। संघ ने कहा कि कुछ हिंदू-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म और समाज की छवि खराब करने की कोशिश कर सकती हैं। ऐसे लोगों की साजिशों से सावधान रहना और उन्हें सफल नहीं होने देना चाहिए।