Fuel crisis in Bangladesh: भारत ने तेल की गंभीर कमी का सामना कर रहे बांग्लादेश को पाइपलाइन के जरिए डीजल की एक बड़ी खेप भेजी है। पश्चिम एशिया में युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के बंद होने के कारण बांग्लादेश में तेल की भारी कमी हो गई है। यह कदम बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की वापसी के बाद दोनों देशों के बीच बेहतर हो रहे द्विपक्षीय संबंधों के बीच उठाया गया है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण ईंधन की किल्लत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच बांग्लादेश को भारत से डीजल मिलना शुरू हो गया है।
एक अधिकारी ने मंगलवार (10 मार्च) को बताया कि शुरुआती तौर पर 5,000 टन डीजल बुधवार (11 मार्च 2026) तक मिलने की उम्मीद है। बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मुहम्मद रेज़ानुर रहमान ने डिलीवरी की पुष्टि करते हुए कहा कि डीज़ल की आपूर्ति दोनों देशों के बीच मौजूदा समझौते के तहत की गई थी।
रहमान ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "हमारा भारत के साथ एक समझौता है। उस समझौते के अनुसार, भारत हर साल पाइपलाइन के ज़रिए बांग्लादेश को 180,000 टन डीज़ल की सप्लाई करेगा। अभी जो 5,000 टन डीज़ल आ रहा है, वह उसी समझौते का हिस्सा है।"
उन्होंने बातचीत में आगे बताया कि बांग्लादेश को छह महीने के अंदर कम से कम 90,000 टन डीजल इंपोर्ट करना जरूरी है। अभी आई खेप उसी लक्ष्य का हिस्सा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि छह महीने की अवधि के लिए तय पूरी मात्रा अगले दो महीनों के अंदर आ जाएगी।
पीटीआई के मुताबिक बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPC) के प्रवक्ता ने कहा, "हमें सोमवार (10 मार्च) से दोपहर से असम के नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) से बांग्लादेश-भारत मैत्री पाइपलाइन के माध्यम से (उत्तर-पश्चिमी) दिनाजपुर स्थित डिपो में डीजल मिलना शुरू हो गया है।" उन्होंने बताया कि 5,000 टन डीजल आने में लगभग 45 घंटे लग सकते हैं। यानी यह प्रक्रिया बुधवार (11 मार्च) शाम तक जारी रह सकती है।
उन्होंने कहा, "हम यहां प्रति घंटे पाइपलाइन के जरिए लगभग 113 टन प्राप्त कर रहे हैं।" इससे पहले बांग्लादेश ने कहा था कि भारत एक दीर्घकालिक समझौते के तहत और 1,80,000 टन की वार्षिक आपूर्ति व्यवस्था के हिस्से के रूप में 5,000 टन डीजल भेजेगा। इससे पहले, भारतीय उच्चायुक्त प्रणय कुमार वर्मा ने कहा था कि भारत बांग्लादेश के अतिरिक्त डीजल के अनुरोध पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है।
बांग्लादेश ऊर्जा आपूर्ति संबंधी चिंताओं के बीच अपने ईंधन भंडार को बढ़ाना चाहता है। जब उनसे ढाका के अतिरिक्त डीजल आपूर्ति के अनुरोध के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "बांग्लादेश, भारत का बहुत अच्छा मित्र है। हम उसकी प्रगति के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करना चाहते हैं।"