Heavy Rain Alert : 31 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में बनेगा डिप्रेशन! यूपी, बिहार संग इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी जानिए

IMD Weather Update: मौसम विभाग की ओर से अलग अलग मौसमी प्रणालियों और अन्य वायुमंडलीय विक्षोभों के मिले-जुले प्रभाव से शुक्रवार 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है

अपडेटेड Oct 30, 2026 पर 2:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश के अलग अलग राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश दर्ज की गई है

IMD Weather Update: चक्रवाती तूफान अर्णब का असर खत्म होने के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक और नया मौसमी तंत्र आकार ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 30 अक्टूबर को जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान व निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम शनिवार 31 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के ऊपर मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल जाएगा। इसके बाद यह अगले दो दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश तट की तरफ बढ़ेगा।

मौसम विभाग की ओर से अलग अलग मौसमी प्रणालियों और अन्य वायुमंडलीय विक्षोभों के मिले-जुले प्रभाव से शुक्रवार 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड मूसलाधार बारिश


मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश के अलग अलग राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश देखने को मिली है। इसी तरह गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तराखंड, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) रिकॉर्ड की गई।

यूपी, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात अर्णब के अवशेष और अन्य चक्रवाती परिसंचरण की वजह से उत्तर भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग स्थानों पर 30 अक्टूबर को भारी बारिश दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही 30 से 40 किमी/घंटे की गति से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। उत्तराखंड, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 30 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। उत्तराखंड में तेज हवाएं और बादलों की गड़गड़ाहट बनी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR में 30 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।

31 अक्टूबर को डिप्रेशन बनने से दक्षिण भारत में बढ़ेगी बारिश

बंगाल की खाड़ी में 31 अक्टूबर को बनने वाले 'डिप्रेशन' का सबसे अधिक असर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारतीय राज्यों पर देखने को मिलेगा। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 2 और 3 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होगी। 1 नवंबर और 4 नवंबर को भी पृथक स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में 1 से 5 नवंबर के दौरान भारी बारिश और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी।

मध्य और पूर्वोत्तर भारत के मौसम का हाल

छत्तीसगढ़ में 30 और 31 अक्टूबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी, जबकि 2 नवंबर को भारी बारिश और 50 से 60 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 और 31 अक्टूबर को 30 से 40 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को भारी बारिश होगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में 30 और 31 अक्टूबर के दौरान हल्की बारिश दर्ज हो सकती है।

मछुआरों के लिए चेतावनी और समुद्र की स्थिति

बंगाल की खाड़ी में मौसम के उग्र होने के कारण IMD ने तटीय सुरक्षा चेतावनियां जारी की हैं। अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी व पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 1 नवंबर तक समुद्र में स्थिति बेहद खराब रहने का अनुमान है।

1 नवंबर से 4 नवंबर के बीच पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे आंध्र प्रदेश तट पर तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठेंगी। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 1 नवंबर तक अंडमान सागर व बंगाल की खाड़ी के संबंधित हिस्सों में और 1 से 4 नवंबर के दौरान आंध्र प्रदेश के तटीय समुद्री क्षेत्रों में जाने से बचें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।