IndiGo Flight Emergency: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक अमेरिकी महिला यात्री को हवा में ही मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा। इस दौरान, विमान में सवार बेंगलुरु की एक डॉक्टर के तत्काल एक्शन ने यात्री की जान बचा ली। इसके बाद उसके इलाज के लिए विमान की लैंडिंग करानी पड़ी।
उड़ान के दौरान क्या हुआ था?
शनिवार को दोपहर करीब 1:15 बजे, इंडिगो की उड़ान के गोवा से उड़ान भरने के मुश्किल से 10 मिनट बाद, कैलिफोर्निया की 34 वर्षीय जेनी नाम की यात्री ने बेचैनी और कंपकंपी की शिकायत की और वह गिर पड़ी। वह अपनी बहन के साथ शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थी।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर मेडिकल सहायता के लिए घोषणा होने से पहले ही, कर्नाटक के बेलगावी जिले के खानपुर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व कांग्रेस विधायक और पेशे से डॉक्टर डॉ. निंबालकर अपनी सीट से उठीं और तुरंत यात्री की सहायता के लिए पहुंच गईं।
जांच करने पर उन्होंने यात्री को बेहोश, पीला पड़ा हुआ और गंभीर रूप से डिहाइड्रेटेड पाया, जिसके मुट्ठी भींचने के लक्षण दौरे की ओर इशारा कर रहे थे। डॉ. निंबालकर ने उसकी बहन से तुरंत मेडिकल हिस्ट्री ली और प्राथमिक पुनर्जीवन उपाय शुरू किए, जिससे यात्री होश में आ गई। यात्री ने बताया कि उसे पिछले दिन पेट का इंफेक्शन हुआ था, जिसके बाद डॉक्टर ने उसे इलेक्ट्रोलाइट घोल दिया जो वह अपने साथ ले जा रही थी।
यात्री की स्थिति सामान्य होने के बाद डॉ. निंबालकर अपनी सीट पर लौट आईं। हालांकि, लगभग 30 मिनट बाद, उन्हें तुरंत फिर से बुलाया गया, क्योंकि यात्री दूसरी बार गिर गई और उसकी हालत गंभीर लग रही थी। इस बार, यात्री ने लगभग अपनी जान बचाने के लिए डॉक्टर का हाथ पकड़ लिया। यात्री केवल इतना ही कह पाई, 'प्लीज कहीं मत जाना।' यह कुछ शब्द ही उसकी गंभीर पीड़ा बताने के लिए काफी थे। इसके बाद, डॉ. निंबालकर विमान की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग होने तक यात्री के पास रहीं और गंभीर रूप से बीमार अमेरिकी यात्री को अस्पताल ले जाया गया।