ट्रिपल मर्डर से पहले AI पर क्या सर्च कर रहा था टेक कर्मचारी? सामने आई हिस्ट्री

बेंगलुरु ट्रिपल मर्डर केस की जांच में एक टेक कर्मचारी की AI सर्च हिस्ट्री सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने चाकू से हमला, मिर्च पाउडर से आंखों को नुकसान पहुंचाने और घुटने तोड़ने जैसी हिंसक चीजों के बारे में जानकारी खोजी थी। उसने खतरनाक हथियारों से जुड़ी जानकारी भी सर्च की थी।

अपडेटेड Oct 06, 2026 पर 4:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
AI सर्च हिस्ट्री से खुला राज, बेंगलुरु ट्रिपल मर्डर केस में टेक कर्मचारी पर गंभीर आरोप

बेंगलुरु के KR पुरा इलाके के सीगेहल्ली में जून में हुए ट्रिपल मर्डर केस की जांच में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस को 25 साल के टेक कर्मचारी जे. केनेथ के लैपटॉप से AI पर की गई कई सर्च मिली हैं। ये सर्च उन सवालों से जुड़ी थीं, जिनसे किसी पर हमला करने के तरीके की जानकारी मिल सकती है।

लोकल 18 के रिपोर्टर आफरीन हुसैन की रिपोर्ट के मुताबिक, ये सर्च 22 जून को हुई घटना से पहले की गई थीं। इसी दिन केनेथ पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्वेता के माता-पिता और बहन पर हमला करने का आरोप है।

केनेथ ने AI पर सर्च किये ये सवाल


• किचन नाइफ से हमला करने के तरीके

• सिरके और मिर्च पाउडर से किसी की आंखों को नुकसान पहुंचाने के सवाल

• तीन लोगों के घुटने तोड़ने से जुड़ी जानकारी

• घर में घुसे तीन चोरों को काबू करने के तरीके

• खतरनाक हथियारों के बारे में जानकारी

पुलिस को इन सर्च के अलावा बैंक से आने वाली लोन की कॉल और दिवालिया होने से जुड़ी जानकारी भी मिली है।

चार्जशीट के मुताबिक, श्वेता ने केनेथ की मदद के लिए करीब 52 लाख रुपये का लोन लिया था। इसमें बिजनेस लोन, पर्सनल लोन और दोस्तों-रिश्तेदारों से लिया पैसा शामिल था। किस्तें नहीं चुकने पर बैंक ने उसके माता-पिता के घर नोटिस भेजा। इसके बाद परिवार को कर्ज के बारे में पता चला और श्वेता के पिता ने केनेथ से पैसों को लेकर सवाल किया।

पैसों के विवाद के बाद हुआ हमला

आरोप है कि 22 जून की रात सीगेहल्ली के साई ग्रीन अपार्टमेंट में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सोमसुंदर, उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी और 20 साल की बेटी सुप्रिया पर हमला किया गया।

सोमसुंदर घायल होने के बाद किसी तरह सीढ़ियों तक पहुंचे। उन्होंने गार्ड और वहां मौजूद लोगों को बताया कि केनेथ उनकी पत्नी और बेटी पर हमला कर रहा है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई। मुथुलक्ष्मी और सुप्रिया की भी जान चली गई।

घटनास्थल से मिले ये अहम सबूत

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से सिरके और मिर्च पाउडर की एक बोतल भी मिली। इसे जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, केनेथ AI का काफी इस्तेमाल करता था और उसे एक दोस्त की तरह मानता था। लैपटॉप की जांच और Google सर्च हिस्ट्री से ये जानकारी मिली है। पुलिस अभी यह पता कर रही है कि AI ने उसके सवालों के क्या जवाब दिए थे।

इस मामले में पुलिस ने कोर्ट में 2,085 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें श्वेता का बयान भी है। श्वेता ने बताया कि केनेथ ने उसके माता-पिता और बहन पर हमला किया था और वह उस समय वहीं मौजूद थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।