बिहार में कोचिंग सेंटर्स को लेकर हुए 2 बड़े फैसले, खान सर जैसे मशहूर टीचर्स के सेंटर्स पर क्या पड़ेगा असर?

Bihar Coaching New Rules : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि, अब बिहार के सभी कोचिंग संस्थानों के लिए यह पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे अपने यहां पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं की पूरी जानकारी संबंधित जिला प्रशासन को सौंपे। कोई भी कोचिंग संस्थान अब बच्चों का ब्योरा छिपा नहीं सकेगा। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी

अपडेटेड Jun 09, 2026 पर 9:27 PM
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य में संचालित किए जा रहे कोचिंग सेंटरों के लिए कड़े निर्देश जारी किये हैं

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य में संचालित किए जा रहे कोचिंग सेंटरों के लिए कड़े निर्देश जारी किये हैं। बता दें कि बीते दिनों बिहार की राजधानी पटना में दो कोचिंग सेंटरों के बीच हुए विवाद के बाद यह निर्देश जारी किए गए हैं। कोचिंग सेंटरों के बीच हुए विवाद की वजह से पटना में काफी हंगामा भी देखने को मिला था। मुख्यमंत्री सम्राट के निर्देश पर शिक्षा विभाग को नई व्यवस्था लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान


बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि, अब बिहार के सभी कोचिंग संस्थानों के लिए यह पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे अपने यहां पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं की पूरी जानकारी संबंधित जिला प्रशासन को सौंपे। कोई भी कोचिंग संस्थान अब बच्चों का ब्योरा छिपा नहीं सकेगा। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी। नई व्यवस्था के तहत राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों को अपने यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों का पूरा विवरण संबंधित जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना होगा। इससे कोचिंग संस्थानों की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सकेगी और विद्यार्थियों से जुड़ी जानकारी प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगी।

स्कूल-कॉलेज के समय नहीं चलेंगी कोचिंग क्लास

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्कूलों और कॉलेजों के निर्धारित शिक्षण समय के दौरान किसी भी कोचिंग संस्थान का संचालन नहीं किया जाना चाहिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थी नियमित रूप से अपने स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई पर ध्यान दें तथा औपचारिक शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। हालांकि, यह नियम उन विद्यार्थियों पर लागू नहीं होगा, जिन्होंने अपनी नियमित स्कूली या महाविद्यालयी शिक्षा पूरी कर ली है। ऐसे विद्यार्थी पहले की तरह कोचिंग संस्थानों में अध्ययन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को इस संबंध में विस्तृत नियमावली तैयार करने का निर्देश दिया है, ताकि पूरे राज्य में एक समान व्यवस्था लागू की जा सके।

कोचिंग विवाद के बाद सरकार ने लिया बड़ा फैसला 

बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में बीते कुछ दिनों से कोचिंग सेंटरों के बीच जमकर विवाद देखने को मिल रहा है। फिलहाल पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। इस मामले में रौशन आनंद की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके अलावा खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इस मामले में पटना की एक कोर्ट ने खान ग्लोबल स्टडीज का संचालन करने वाले फैसल खान उर्फ 'खान सर' की गिरफ्तारी पर मंगलवार को अगले आदेश तक रोक लगा दी।

बड़े कोचिंग संस्थानों पर भी असर

इन फैसलों का असर राज्य के बड़े कोचिंग संस्थानों पर भी पड़ सकता है, जिनमें खान सर जैसे लोकप्रिय शिक्षकों के संस्थान शामिल हैं। ऐसे संस्थानों को अब छात्रों का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से रखना होगा और प्रशासन को उपलब्ध कराना होगा। इसके अलावा, यदि किसी कोचिंग में स्कूल या कॉलेज जाने वाले छात्र पढ़ते हैं, तो उन्हें कक्षाओं का समय इस तरह तय करना होगा कि वह स्कूल-कॉलेज के समय से न टकराए। इससे कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खान सर का मॉडल कम फीस में बड़ी संख्या में छात्रों को पढ़ाने पर आधारित है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।