Bihar Crime News: बिहार में अपराधी अभी भी बेलगाम! समस्तीपुर में BJP नेता की गोली मारकर हत्या, थानाध्यक्ष निलंबित

Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में बीजेपी के एक नेता की गोली मारकर हत्या की घटना पर विपक्षी RJD ने कहा है कि प्रदेश में आम जनता भगवान भरोसे ही है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश करार दिया है

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 4:23 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर में बीजेपी सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई

Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रूपक साहनी के रूप में हुई है। बुधवार (24 दिसंबर) शाम वह खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर स्थित अपनी दुकान में मौजूद थे, तभी एक एसयूवी से आए हथियारबंद बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोली चलाई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस घटना का कारण पुरानी रंजिश को माना जा रहा है। घटना के बाद कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में खानपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया गया है।

समस्तीपुर के SP अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, "अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।" मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि रूपक साहनी को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बीजेपी नेता की हत्या के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। आम जनता भगवान भरोसे जीने को मजबूर है।" दूसरी ओर, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया है।


भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा था कि अपराध को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मंच से अपने संबोधन में मंत्री ने कहा था कि उनका काम कचरा साफ करना है। वह यह काम कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया था कि कई अपराधी बिहार छोड़कर भाग चुके हैं और जो बचे हैं, उन्हें तीन महीने के भीतर राज्य से बाहर कर दिया जाएगा। सम्राट के बयान के कुछ ही घंटे बाद बीजेपी नेता रूपक सहनी की हत्या हो गई, जिससे विपक्ष मंत्री के दावे पर सवाल उठा रहा है।

तिवारी ने तंज कसते हुए कहा, "जब सरकार अपने ही दल के नेताओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जा सकती है।" RJD ने इस घटना को सरकार की विफलता का प्रतीक बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

इस बीच, BJP के प्रदेश प्रवक्ता प्रियरंजन पटेल ने सहनी की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई है और कानून अपना काम कर रहा है। BJP का कहना है कि विपक्ष को ऐसी घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए।

ये भी पढ़ें- PM Modi Lucknow Visit: अटल जयंती पर लखनऊ में भव्य आयोजन, पीएम मोदी ने देश को समर्पित किया 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।