Bilaspur Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मंगलवार (7 अक्टूबर) को भीषण बस हादसा हो गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक 18 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। फिलहाल, बचाव कार्य अभी भी जारी है। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ने की आशंका है। अभी (मंगलवार रात 10 बजे तक) कई लोग मलबे में दबे हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना झंडूता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि बस में 30-35 यात्री सवार थे। यह हरियाणा के रोहतक से घुमारवीं जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक मलबे से 18 शव बरामद किए जा चुके हैं।
बचाव कार्य में लगे एक पुलिसकर्मी ने बताया कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बस पर गिर पड़ा। यात्रियों के बचने की संभावना बहुत कम है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस क्षेत्र में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर अचानक से बस पर गिरने लगे, जिस वजह से यह दर्दनाक हादसा हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन का मलबा सीधे बस की छत पर आया गया।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मलबा हटाने और उसमें फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने राहत कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश दिए हैं। सुक्खू ने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
सीएम ने बताया कि बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट (भल्लू पुल) के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं। सुक्खू ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मैं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हूं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए आर्थिक मदद की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर लिखा, "हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शोक व्यक्त किया है। अमित शाह ने X पर लिखा, "हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। NDRF की टीमें घटना स्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगीं हैं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"