UP Rajya Sabha Election 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए 8 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भगवा पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से सोमवार (5 अक्टूबर) को जारी लिस्ट में नए और संगठन से जुड़े चेहरों को जगह दी गई है। अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसमें जातीय समीकरण को भी पूरी तरह से साधने की कोशिश की गई है। उम्मीदवारों में 2 ब्राह्मण, 1 ठाकुर, 3 पिछड़े और 2 दलित हैं। पिछड़े वर्ग में एक लोधी, एक कुर्मी और एक पाल समाज से हैं। जबकि दलित वर्ग में एक खटीक और एक पासी समाज से हैं।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने जिन 8 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है उनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर और गोपी कृष्ण पांडे शामिल हैं। इसके अलावा बीजेपी ने उत्तर प्रदेश से प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।
श्रुति गंगावार बरेली के दिग्गज BJP नेता और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं। बीजेपी ने श्रुति गंगवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा है कि संतोष गंगवार की राजनीतिक विरासत अब उनकी बेटी श्रुति गंगवार ही आगे बढ़ाएंगी। बरेली से 8 बार सांसद रहे संतोष गंगवार की बेटी श्रुति हाल ही में 'अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बरेली' की निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। वह अपनी मां के निधन के बाद से बरेली और बहेड़ी में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर राजनीति में एक्टिव हैं।
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।
हरदीप सिंह पुरी की नहीं होगी वापसी?
बीजेपी के इस ऐलान की एक खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। दोनों का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी (SP) पहले ही राम गोपाल यादव और धनराज नाथवानी को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। यूपी की 10 सीटों पर होने वाला यह चुनाव आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आठों उम्मीदवारों के बारे में जानें