Delimitation Bill Row: 'संडे को भी इतनी कड़ी मेहनत...'; परिसीमन पर DMK को मनाने चेन्नई पहुंचे राहुल गांधी पर BJP ने कसा तंज
Rahul Gandhi Chennai Visit: परिसीमन विधेयक का मुद्दा अब विपक्षी 'INDIA' गठबंधन के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बन गया है। कांग्रेस जहां इस बिल के विरोध में विपक्षी दलों को एकजुट करना चाहती है। वहीं DMK और NCP-SP के अलग रुख ने विपक्षी गठबंधन की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब चेन्नई में होने वाली राहुल गांधी और एमके स्टालिन की मुलाकात पर नजर रहेगी
Delimitation Bill Row: बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब और अधिक युवाओं एवं महिलाओं को धोखा नहीं दे सकती
Delimitation Bill Row: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी रविवार (29 नवंबर) को अचानक चेन्नई रवाना हो गए। उनके साथ विपक्षी 'INDIA' गठबंधन के अन्य नेता भी हैं। वे द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने गए हैं, क्योंकि उन्होंने परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। राहुल गांधी की चेन्नई दौरे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए कहा कि वे रविवार को इतनी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। BJP के तुहिन सिन्हा ने X पर लिखा, "रविवार को इतनी कड़ी मेहनत करने के बजाय, विपक्ष के नेता (LoP) के लिए बेहतर होगा कि वे किसी और रहस्यमयी छुट्टी पर चले जाएं और विधेयक पास होने के बाद वापस आएं। कांग्रेस पार्टी अब युवाओं और महिलाओं को और धोखा नहीं दे सकती।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और INDIA गठबंधन के अन्य नेता जल्द ही चेन्नई पहुंचने वाले हैं। परिसीमन विधेयक को लेकर INDIA गठबंधन के सामने एकजुटता की एक बड़ी परीक्षा है। DMK और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) (NCP-SP) ने परिसीमन के मुद्दे पर INDIA गठबंधन से अलग रुख अपनाया है। दोनों पार्टियों ने NDA के नेतृत्व वाले 'संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026' का समर्थन करते नजर आ रहे हैं।
इस विधेयक के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। साथ ही, इसमें राज्य विधानसभाओं के लिए सीटों की अधिकतम सीमा को 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है। BJP का दावा है कि इस प्रस्तावित ढांचे से संसद में व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा। साथ ही 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का रास्ता साफ होगा।
इंडिया गठबंधन के कई नेता पहुंचे चेन्नई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी सहित विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात कर चर्चा करेगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल सुबह 11 बजे दो विशेष चार्टर्ड विमानों से दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुआ।
इस प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी, समाजवादी पार्टी के राजीव राय और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अभय कुमार सिन्हा तथा सुधाकर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन भी विपक्षी नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। ये सभी चेन्नई में स्टालिन से मुलाकात करेंगे।
चेन्नई के बाद मुंबई का दौरा
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मुंबई जाएगा, जहां वह पवार के साथ चर्चा करेगा। उन्होंने कहा कि शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी मुंबई में होने वाली बैठक में शामिल हो सकते हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे स्टालिन और पवार से विधेयक का समर्थन न करने का आग्रह करेंगे। उनका दावा है कि यह विधेयक लोकतंत्र को खत्म कर देगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को परिसीमन के जरिये अपने फायदे के लिए संविधान का स्वरूप बदलने की शक्ति देगा।
राहुल की अपील पर स्टालिन का पलटवार
राहुल गांधी ने X पर रविवार को एक पोस्ट में कहा, "इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं चेन्नई जाकर थिरु एम के स्टालिन से मुलाकात करेंगे तथा उनसे तथा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) से परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे।" उन्होंने कहा, "लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे BJP-RSS को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी।"
Instead of working so hard on Sunday, a better option for LOP would be embark on another mysterious vacation and return after the bill has been passed. No way Congress party can betray the youth and women any further.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "भाई स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। राष्ट्रीय हित में तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर गिराना होगा।" राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने कहा कि DMK ने हमेशा तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ही हर फैसला लिया है।
स्टालिन ने X पर एक पोस्ट में कहा, "संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में द्रमुक की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई राहुल गांधी का हार्दिक धन्यवाद। हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ही हर फैसला लिया है।"
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें वीर तमिल राजा कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, गद्दार एट्टप्पन के रूप में नहीं।" सूत्रों ने बताया कि DMK सांसद कनिमोई ने सुबह खरगे से मुलाकात भी की। बताया जाता है कि उन्होंने खड़गे को विधेयक पर अपनी पार्टी के समर्थन के कारणों के बारे में जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, कनिमोई ने बताया कि सरकार ने DMK की मांगें मान ली हैं। इसी वजह से पार्टी विधेयक का समर्थन कर रही है। ये बैठकें ऐसे समय हो रही हैं, जब विपक्षी दल परिसीमन से जुड़े सरकार के संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए अपना संख्याबल मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
DMK ने हालांकि, सरकार के प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं पवार की पार्टी भी इसका समर्थन कर सकती है। 'इंडिया' गठबंधन की यह पहल ऐसे समय हुई है, जब विपक्ष सरकार के परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए अपने पक्ष में पर्याप्त संख्याबल जुटाने की कोशिश कर रहा है।
'इंडिया' अलायंस करेगा विरोध
'इंडिया' गठबंधन ने शनिवार को फैसला किया था कि वह संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करेगा। विपक्षी दलों का कहना है कि इससे अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के हितों को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने इस कदम को देश में स्थायी रूप से सत्ता पर काबिज होने और लोकतंत्र खत्म करने की BJP-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की कोशिश बताया।
केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही, संशोधित सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से होगी। सत्र का समापन तीन दिसंबर को होगा। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। इसके अलावा, किसी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी है।