BJP Vs Congress: बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को क्यों बताया 'भस्मासुर'?

Rahul Gandhi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार (25 मई) को लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सरकार के खिलाफ उनकी टिप्पणियों के लिए उन्हें 'भस्मासुर' करार दिया। राहुल ने हाल ही में कहा था कि अगर मौजूदा आर्थिक हालात ऐसे ही बने रहे, तो यह सरकार अगले साल तक नहीं टिक पाएगी

अपडेटेड May 25, 2026 पर 4:46 PM
Story continues below Advertisement
Rahul Gandhi News: बीजेपी ने राहुल पर केंद्र सरकार की स्थिरता के बारे में गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया

Rahul Gandhi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार (25 मई) को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल पर 'टूलकिट पॉलिटिक्स' फैलाने और केंद्र सरकार की स्थिरता के बारे में गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था मज़बूत बनी हुई है।

उनकी यह टिप्पणी तब आई जब राहुल गांधी ने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की एक बैठक के दौरान कहा था कि अगर मौजूदा आर्थिक हालात ऐसे ही बने रहे, तो यह सरकार अगले साल तक नहीं टिक पाएगी। विपक्ष से जुड़े हालिया राजनीतिक बयानों का ज़िक्र करते हुए गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार के गिरने के दावे गलत जानकारी फैलाने के बार-बार दोहराए जाने वाले पैटर्न का ही एक हिस्सा हैं।

भाटिया ने कहा, "कल एक और 'टूलकिट' चर्चा में आया, जिसमें यह कहा जा रहा है कि यह सरकार, जो पूरी ताकत से देश की जनता की सेवा कर रही है, एक साल के अंदर गिर जाएगी। मैं सबसे पहले यह कहना चाहूंगा कि 'भस्मासुर राहुल गांधी' हमें नहीं पता था कि भस्मासुर ज्योतिषी भी बन जाएंगे।"


बीजेपी नेता ने राहुल गांधी की हालिया टिप्पणियों की और आलोचना करते हुए कहा कि वे विरोधाभासी थीं। उनसे भ्रम पैदा करने की कोशिश झलकती है। उन्होंने कहा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में एक बैठक में कुछ टिप्पणियां कीं और बाद में बाहर एक अलग बयान जारी किया, जिसकी चर्चा हो रही है। इसे दुर्भाग्यपूर्ण माना जा रहा है।"भाटिया ने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक मंदी और संकट के दौर से गुजर रही है, लेकिन दावा किया कि मौजूदा नेतृत्व में भारत स्थिर बना हुआ है।

उन्होंने कहा, "जैसा कि हम सभी जानते हैं यह वैश्विक संकट का समय है। दुनिया भर के कई देश आर्थिक अस्थिरता का सामना कर रहे हैं। उनकी अर्थव्यवस्थाएं काफी कमज़ोर हो गई हैं। दूसरी ओर, पिछले 85 दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जबरदस्त मजबूती दिखाई है। भारतीय अर्थव्यवस्था मज़बूत और स्थिर बनी हुई है।" उन्होंने आगे कहा कि अस्थिरता पैदा करने की कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होगी।

भाटिया ने आगे कहा, "अगर राहुल गांधी का इरादा अराजकता फैलाना है, तो हमारा संकल्प भी भारत को और मजबूत बनाना है। आप अपनी पूरी कोशिश कर सकते हैं, लेकिन हम भी भारत को आगे ले जाने के लिए उतने ही दृढ़ हैं।"

पेट्रोल की कीमतों पर राहुल गांधी का हमला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर वृद्धि होने के बाद सोमवार को आरोप लगाया कि 'महंगाई मानव' प्रधानमंत्री मोदी चुनाव के समय वादे करते हैं और बाकी समय जनता की जेब पर वार करते हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर वृद्धि की गई। पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये गये हैं। पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह चौथी बार बढ़ोतरी की गई है।

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 102.12 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 99.51 रुपये प्रति लीटर थी। डीजल के दाम 2.71 रुपये बढ़ाकर 95.20 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं, जो पहले 92.49 रुपये प्रति लीटर थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, "महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं, ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे।"

ये भी पढ़ें- MP Wedding Scam: मध्य प्रदेश में पल भर में चूर-चूर हुए शादी के सपने! घंटों तक दुल्हनों का इंतजार करते रहे 40 से ज्यादा दूल्हे

उन्होंने कहा, "मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल आठ रुपये महंगा कर दिया। ये वृद्धि होती ही जाएगी।" कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 'महंगाई मानव' मोदी का एक ही काम... चुनाव में वादे और बाक़ी समय जनता की जेब पर वार करना है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत को जलाने के लिए पेट्रोल छिड़का है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।