Nagpur: नागपुर में Blinkit डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई, देशव्यापी हड़ताल के बीच सामने आया खौफनाक वीडियो

Blinkit Delivery Boy Assaulted: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर वायरल हुए इस वीडियो में सड़क पर मचे कलेश को साफ देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि कार सवार शख्स डिलीवरी बॉय को उसकी बाइक से खींचकर दूर ले जाता है और जमीन पर पटक देता है। आरोपी ने डिलीवरी बॉय को थप्पड़ और घूंसे तो मारे ही, साथ ही एक अन्य शख्स ने लकड़ी के डंडे से भी उस पर हमला किया

अपडेटेड Dec 31, 2025 पर 12:47 PM
Story continues below Advertisement
वीडियो में दिख रहा है कि कार सवार शख्स डिलीवरी बॉय को उसकी बाइक से खींचकर दूर ले जाता है और जमीन पर पटक देता है

Blinkit Delivery Boy: महाराष्ट्र के नागपुर से एक विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है। एक कार सवार शख्स ने सड़क पर मामूली टक्कर के बाद एक Blinkit डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब देशभर के डिलीवरी पार्टनर्स अपनी सुरक्षा और अधिकारों को लेकर आज 31 दिसंबर को देशव्यापी हड़ताल पर हैं। इस वीडियो ने एक बार फिर डिलीवरी एजेंट्स की सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

क्या दिखा वीडियो में?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर वायरल हुए इस वीडियो में सड़क पर मचे कलेश को साफ देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि कार सवार शख्स डिलीवरी बॉय को उसकी बाइक से खींचकर दूर ले जाता है और जमीन पर पटक देता है। आरोपी ने डिलीवरी बॉय को थप्पड़ और घूंसे तो मारे ही, साथ ही एक अन्य शख्स ने लकड़ी के डंडे से भी उस पर हमला किया। जब हमला काफी हिंसक हो गया, तब आसपास खड़े लोगों ने दखल देकर हमलावर को रोका। जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद सड़क पर वाहनों के बीच हुई एक मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ था।


गिग वर्कर्स का देशव्यापी हड़ताल जारी

यह घटना उस दिन हुई है जब Gig and Platform Services Workers Union (GIPSWU) ने देशभर में 'ऐप बंद' का आह्वान किया है। यूनियन ने श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया को एक मांग पत्र सौंपा है, जिसमें निम्नलिखित मुख्य मांगें शामिल हैं:

डिलीवरी का दबाव कम हो: 10-20 मिनट के भीतर डिलीवरी के खतरनाक नियम को बंद किया जाए।

न्यूनतम आय: हर किलोमीटर के लिए कम से कम ₹20 का रेट मिले और महीने में ₹40,000 की न्यूनतम कमाई की गारंटी हो।

महिला सुरक्षा: महिला डिलीवरी पार्टनर्स के लिए आपातकालीन छुट्टी और मातृत्व सुरक्षा सुनिश्चित हो।

ID ब्लॉकिंग: बिना ठोस कारण के डिलीवरी एजेंट्स की ID ब्लॉक करने और 'पुनिटिव रेटिंग सिस्टम' पर रोक लगे।

आज डिलीवरी सर्विसेज पर होगा असर

नए साल की पूर्व संध्या पर होने वाली इस हड़ताल का असर महानगरों के साथ-साथ कई छोटे शहरों में भी दिख सकता है। Swiggy, Zomato, Blinkit और Zepto जैसे ऐप्स पर ऑर्डर मिलने में देरी हो सकती है। देरी के साथ कैंसिलेशन भी हो सकता है। यूनियन अध्यक्ष सीमा सिंह का कहना है कि 25 दिसंबर की सांकेतिक हड़ताल के बाद भी कंपनियों ने कोई सुनवाई नहीं की, इसलिए आज 'डिजिटल स्ट्राइक' को और व्यापक बनाया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।