बुधवार को दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने मलबे से अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मलबे से बचाए गए 11 लोगों में से आठ लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं अभी कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। ये इमारत सीमापुरी इलाके में ईदगाह मस्जिद के पास स्थित थी।
घायलों की पहचान मोमिन मिर्जा (56), अबदान (3), अब्दुल रहमान (28), देवरुद्दीन (28), सलमा (50), छोटे (34), सकीना (35) और समद (30) के रूप में हुई है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। ये घटना सत्य निकेतन में इमारत गिरने की के करीब एक महीने बाद हुई।
न्यू सीमापुरी में इमारत गिरने के हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में 12 साल की एक बच्ची, 21 वर्षीय गुलाफ्सा और एक अन्य बच्चा शामिल है। गुलाफ्सा करीब चार महीने की गर्भवती थी। 12 साल की बच्ची और दूसरे बच्चे की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में इमारत गिरने के बाद आसपास के दो से तीन मकानों के कुछ हिस्से भी मलबे में दब गए।
दिल्ली पुलिस ने कहा, “दिल्ली के न्यू सीमापुरी के E-ब्लॉक में E-401 नंबर की चार मंजिला इमारत गिरने की सूचना मिली है। यह इमारत करीब 25 वर्ग गज के प्लॉट पर बनी थी। इमारत गिरने से आसपास की दो अन्य इमारतों को भी मामूली नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाके से करीब 3 साल के बच्चे समेत 7 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।” दिल्ली फायर सर्विस को बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। एक अधिकारी ने बताया कि मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। फिलहाल राहत और बचाव दल मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटा है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।