बिहार के 13 जिलों की बदलेगी किस्मत! 3,700 करोड़ से बनेगा 336 KM लंबा बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे, 8 घंटे का सफर होगा 4 घंटे में
Buxar-Bhagalpur Expressway: बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी है। करीब 336 किलोमीटर लंबे बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे से बिहार के 13 जिलों को जोड़ने की योजना है। लगभग 3,700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना से किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी
Buxar-Bhagalpur Expressway: बिहार में एक्सप्रेसवे और हाईवे का नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में बक्सर से भागलपुर के बीच एक नए एक्सप्रेसवे की योजना चर्चा में है
Buxar-Bhagalpur Expressway: बिहार में एक्सप्रेसवे और हाईवे का नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में बक्सर से भागलपुर के बीच एक नए एक्सप्रेसवे की योजना चर्चा में है। हमारे सहयोगी न्यूज 18 के मुताबिक प्रस्तावित परियोजना की लंबाई करीब 336 किलोमीटर बताई गई है। इसके निर्माण पर लगभग 3,700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस सड़क परियोजना का सबसे बड़ा फायदा बिहार के उन जिलों को मिलने की उम्मीद है, जो अभी बेहतर और तेज सड़क कनेक्टिविटी की जरूरत महसूस कर रहे हैं।
8 घंटे की जगह सिर्फ 4 घंटे
प्रस्तावित मार्ग पश्चिमी बिहार के बक्सर से शुरू होकर पूर्वी बिहार के भागलपुर तक पहुंचेगा। इसके रास्ते में 13 जिले आएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद बक्सर से भागलपुर के बीच यात्रा का समय करीब 8 घंटे से घटकर 4 घंटे होने का अनुमान है। इससे न केवल आम यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि कृषि कारोबार, स्थानीय उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
13 जिलों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे, जानिए पूरा रूट
प्रस्तावित बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे बिहार के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों को सीधे जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सड़क कॉरिडोर होगा। इसके रास्ते में आने वाले 13 जिले हैं:-
1. बक्सर
2. भोजपुर
3. अरवल
4. जहानाबाद
5. गया
6. नालंदा
7. नवादा
8. शेखपुरा
9. लखीसराय
10. जमुई
11. मुंगेर
12. बांका
13. भागलपुर
एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे प्रस्तावित
यह छह लेन का ग्रीनफील्ड और एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे प्रस्तावित है। इसका मतलब होगा कि मुख्य मार्ग पर कहीं से भी सीधे एंट्री या एग्जिट की सुविधा नहीं होगी। इसके लिए निर्धारित इंटरचेंज और प्रवेश-निकास बिंदु बनाए जाएंगे। पश्चिमी छोर पर इसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से और पूर्वी छोर पर प्रस्तावित रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। इससे दिल्ली-लखनऊ-बक्सर-भागलपुर-हल्दिया कॉरिडोर की कनेक्टिविटी मजबूत हो सकती है।
किसानों को कैसे होगा फायदा?
इस परियोजना का सबसे बड़ा संभावित लाभ कृषि क्षेत्र को मिल सकता है। बिहार के इन जिलों में बड़ी आबादी खेती और उससे जुड़े कारोबार पर निर्भर है। बेहतर सड़क संपर्क मिलने से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों और मंडियों तक पहुंचाने में आसानी हो सकती है।
बेहतर सड़क संपर्क से बौद्ध, जैन, रामायण और ऐतिहासिक पर्यटन सर्किट को बढ़ावा मिल सकता है। इससे होटल, परिवहन, स्थानीय व्यापार और छोटे कारोबारों के लिए भी नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
3,700 करोड़ की लागत
इस परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण तथ्य समझना जरूरी है। उपलब्ध रिपोर्टों में 3,700 करोड़ रुपये की निर्माण लागत और बक्सर से भागलपुर का सफर 8 से घटकर 4 घंटे होने का अनुमान दिया जा रहा है। फिलहाल, बिहार कैबिनेट ने 336 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सप्रेसवे की डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने और ट्रांजैक्शन एडवाइजर नियुक्त करने के लिए 66.58 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। यह राशि एक्सप्रेसवे के निर्माण की लागत नहीं, बल्कि DPR और सलाहकार सेवाओं के लिए है।
PPP मॉडल पर होगा निर्माण
इसपरियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत DBFOT-Toll यानी Design, Build, Finance, Operate and Transfer व्यवस्था से विकसित करने की योजना है।इसमें निजी भागीदार निर्माण के लिए निवेश करेगा और निर्धारित अवधि तक सड़क का संचालन करेगा। टोल के माध्यम से निवेश की वसूली की व्यवस्था होगी। बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) इस परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़ी एजेंसी होगी।
कब तक तैयार होगा एक्सप्रेसवे?
फिलहाल, परियोजना के लिए DPR तैयार कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। DPR में सड़क का सटीक अलाइनमेंट, निर्माण की तकनीकी जरूरतें, जमीन, पर्यावरणीय पहलू, वित्तीय व्यवहार्यता और निर्माण की अनुमानित लागत जैसे पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा।
बिहार के विकास को मिल सकती है नई रफ्तार
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे केवल दो शहरों के बीच दूरी कम करने की परियोजना नहीं है। इसका उद्देश्य बिहार के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना है। इससे कृषि, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।