दिसंबर के पहले हफ्ते में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल

IMD Weather Update: अगले सप्ताह देश के कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका है। अंडमान-निकोबार में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। जानिए, दिसंबर के पहले सप्ताह में आपके राज्य में कैसा मौसम रहने वाला है

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 3:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Update: दिसंबर की शुरुआत में दक्षिण भारत में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है

IMD Weather Update: देश के मौसम में दिसंबर की शुरुआत के साथ बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लेटेस्ट पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में 4 और 5 दिसंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं अंडमान-निकोबार के निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, देश के बाकी हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय घना और कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट


IMD के मुताबिक, दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं:-

  • तमिलनाडु और पुडुचेरी: 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की आशंका है। 4 और 5 दिसंबर को भारी बारिश हो सकती है।
  • केरल और माहे: 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है। 4 और 5 दिसंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है।
  • लक्षद्वीप: 29 नवंबर और 5 दिसंबर को व्यापक बारिश हो सकती है। 2 से 4 दिसंबर के दौरान भी बारिश की आशंका है।
  • तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा: 30 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • दक्षिण आंतरिक कर्नाटक: 2 और 3 दिसंबर को बारिश के आसार हैं।

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

  • अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में बारिश के आसार

उत्तर-पश्चिम भारत में भी दिसंबर के पहले सप्ताह में मौसम बदल सकता है:-

  • मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 4 और 5 दिसंबर को कई स्थानों पर बारिश होने की आशंका है।
  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 5 दिसंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • पंजाब में 4 और 5 दिसंबर को हल्की से छिटपुट बारिश के आसार हैं।
  • हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 5 दिसंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
  • जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में 4 और 5 दिसंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

यूपी, हरियाणा और पंजाब में घने कोहरे का अलर्ट

बारिश के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है:-

  • पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
  • हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 2 दिसंबर तक कोहरे का अलर्ट है।
  • हिमाचल प्रदेश में 3 दिसंबर तक जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में 1 दिसंबर तक कोहरे के आसार हैं।
  • इन क्षेत्रों के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। इससे सड़क और रेल ट्रैपिक प्रभावित हो सकता है।

पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई:

  • कोच्चि एयरपोर्ट (एर्नाकुलम, केरल): 10 सेंटीमीटर
  • कायलपट्टिनम (थूथुकुडी, तमिलनाडु): 8 सेंटीमीटर
  • किन्नाकोरे (नीलगिरी, तमिलनाडु): 8 सेंटीमीटर
  • वहीं पंजाब के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया।

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। दक्षिण पंजाब के ऊपर ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण, बंगाल की खाड़ी से छत्तीसगढ़ तक पूर्वी हवाओं का ट्रफ और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- Delimitation Bill: परिसीमन बिल को रोकने के लिए कांग्रेस की आखिरी कोशिश! एमके स्टालिन और शरद पवार को आज मनाने जाएंगे खड़गे-सोनिया गांधी

इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और जम्मू के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। एक अन्य नया पश्चिमी विक्षोभ 2 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इन्हीं मौसमी परिस्थितियों के चलते दिसंबर के पहले सप्ताह में दक्षिण भारत, अंडमान-निकोबार और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।