हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसा: चलती गाड़ी पर गिरा पहाड़ का हिस्सा, 13 लोगों की मौत

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल को तुरंत मौके पर भेज दिया गया। राहत और बचाव का काम लगातार जारी है और प्रशासन पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। किल्लर-उदयपुर सड़क दूर-दराज के आदिवासी क्षेत्रों से होकर गुजरती है। मानसून के दौरान इस रास्ते पर अक्सर भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है

अपडेटेड Jul 24, 2026 पर 5:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसा: चलती गाड़ी पर गिरे विशाल पत्थर

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर-पांगी रोड पर भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर एक चलती टाटा सूमो पर गिर पड़े। इस हादसे में 6 महीने के एक मासूम बच्चे समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, टाटा सूमो में कुल 15 लोग सवार थे। यह गाड़ी कुल्लू से किल्लर जा रही थी। रास्ते में भूस्खलन संभावित क्षेत्र काडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें गाड़ी पर आ गिरीं, जिससे वाहन पूरी तरह दब गया।

हादसे के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग भी लग गई। आसपास मौजूद लोगों और सेना के जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और राहत कार्य शुरू किया। घटना के वीडियो में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त और आग की लपटों में घिरी हुई दिखाई दे रही है।

हादसे में 13 लोगों की मौत, दो ने कूदकर बचाई जान


भरमौर के विधायक जनक राज ने बताया कि टाटा सूमो में कुल 15 लोग सवार थे। इनमें से 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग हादसे से कुछ पल पहले गाड़ी से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने चंबा और लाहौल-स्पीति के जिला प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की अपील की। लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण बडाना ने भी इस हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, खराब मौसम की वजह से उदयपुर-किल्लर सड़क एक दिन पहले बंद कर दी गई थी, जिससे कई यात्री टिंडी में रुक गए थे। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद सभी लोग पांगी के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। फिलहाल मृतकों की पहचान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल को तुरंत मौके पर भेज दिया गया। राहत और बचाव का काम लगातार जारी है और प्रशासन पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। किल्लर-उदयपुर सड़क दूर-दराज के आदिवासी क्षेत्रों से होकर गुजरती है। मानसून के दौरान इस रास्ते पर अक्सर भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 23 से 26 जुलाई तक कई जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 जुलाई से मानसून और ज्यादा सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 29 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में पहाड़ी और जोखिम वाले रास्तों पर बेवजह यात्रा करने से बचें, क्योंकि लगातार बारिश से भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा काफी बढ़ गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।