पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बुधवार रात एक छापेमारी में पुलिस हैरान रह गई। घर की अलमारियां खुलीं तो जांच एजेंसियों के सामने जो तस्वीर आई, उससे लोगों के पैरों के तले से जमीन खिसक गई। कमरों में रखी अलमारियों से कपड़ों के बजाय पैसों और सोने का जखीरा सामने आया। पुलिस के मुताबिक, ₹28.5 करोड़ से ज्यादा कैश और 15 किलो सोना बरामद किया। सोने की कीमत करीब ₹21.5 करोड़ आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब ₹50 करोड़ की है। नोटों का ढेर इतना बड़ा था कि उन्हें गिनते-गिनते 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं।
पूर्व बस ड्राइवर के घर छापा
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक पूर्व बस ड्राइवर के घर पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मिनार मंडल के घर पर की। मिनार मंडल, पत्थर के कारोबार से जुड़े तुलु मंडल के रिश्तेदार हैं। तुलु मंडल को तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। हाल ही में तुलु मंडल, रिताब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले पार्टी के बागी गुट में शामिल हुए थे। आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल का है।
भारी मात्रा में कैश और सोना मिलने के बाद पुलिस ने मिनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मिनार मंडल ने बताया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल और उनके कथित गैर-कानूनी नेटवर्क का है। पुलिस का तलाशी अभियान बुधवार रात शुरू हुआ था। शुरुआत में अधिकारियों ने करीब 5.5 करोड़ रुपये नकद गिने, लेकिन पूरी रात गिनती चलती रही। गुरुवार सुबह तक बरामद नकदी की कुल रकम 28 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गई।
रेड के बीच चर्चा में आया ये नाम
पुलिस के अनुसार, मिनार मंडल बस ड्राइवर होने के साथ-साथ पत्थर के कारोबार से भी जुड़े थे। जांच एजेंसियों को शक है कि उनका तुलु मंडल की पत्थर खदानों और स्टोन क्रशर कारोबार से संबंध था। अब अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और क्या इसका संबंध किसी गैर-कानूनी गतिविधि से है। हालांकि, इतनी बड़ी बरामदगी के बावजूद पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि छापेमारी किस वजह से की गई थी। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस मामले का संबंध किसी वित्तीय अपराध या अन्य गैर-कानूनी गतिविधि से है या नहीं।
सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख दोहराया
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस (बिल्कुल बर्दाश्त नहीं) की नीति पर लगातार काम कर रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए लिखा कि रेत माफिया के खिलाफ पुलिस ने बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में रेत माफिया तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के ठिकाने पर बड़ी छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 5.5 करोड़ रुपये नकद (उस समय तक गिनती जारी थी) और 15 किलो सोना बरामद किया गया था। इस पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की। वहीं, छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।
100 करोड़ की भव्य शादी एक बार फिर चर्चा में
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इस बड़ी बरामदगी के बाद साल 2024 में बीरभूम के सूरी में हुई तुलु मंडल की बेटी की भव्य शादी फिर से चर्चा में आ गई है। बताया जाता है कि इस शादी पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। समारोह में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री और बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां भी शामिल हुई थीं। खबरों के मुताबिक, इस शादी में अभिनेता अंकुश हाजरा, अभिनेत्री दर्शना बनिक, अभिनेता अरबाज खान और अभिनेत्री ज़रीन खान समेत कई कलाकार पहुंचे थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पत्थर के कारोबार से जुड़ने से पहले मिनार मंडल राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर के रूप में काम करते थे।