CBSE Class 12 Fresh Exams: सीबीएसई फिर से कराएगा पश्चिम एशिया में रद्द 12वीं की परीक्षाएं, विशेष मूल्यांकन से नाखुश छात्रों को मिलेगा मौका

CBSE Class 12 Fresh Exams: पश्चिम एशिया में संघष की वजह से 12वीं कक्षा के प्रभावित छात्रों के लिए सीबीएसई ने दोबारा परीक्षाएं कराने का फैसला किया है। इसके तहत बोर्ड 40 विषयों की दोबारा परीक्षा कराएगा। इस फैसले में सात देश बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई शामिल हैं।

अपडेटेड Sep 23, 2026 पर 12:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सीबीएसई अब इन 7 देशों के छात्रों के लिए 40 विषयों में परीक्षा कराने जा रहा है।

CBSE Class 12 Fresh Exams: इस साल की शुरुआत में पश्चिम एशिया में संघष को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। बोर्ड ने अब पश्चिम एशिया के 7 देशों के 12वीं कक्षा के छात्रों की दोबारा परीक्षा कराने फैसला किया है। हालांकि इन छात्रों के नतीजे विशेष मूल्यांकन योजना के तहत घोषित किए गए थे। लेकिन छात्र इस व्यवस्था से खुश नहीं थे। बोर्ड के इस फैसले से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE सात देशों छात्रों को मौका मिलेगा।

सीबीएसई ने इन 7 देशों में जारी हिंसक संघर्ष के बीच छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए 40 विषयों की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया था। इसमें 20 एकेडमिक सब्जेक्ट्स शामिल थे। बाद में 27 मार्च के एक आदेश में बोर्ड ने प्रभावित छात्रों का रिजल्ट विशेष मूल्यांकन व्यवस्था के तहत घोषित करने की जानकारी दी थी। पश्चिम एशियाई देशों के नियमित परीक्षार्थियों के परिणाम 13 मई को भारत और विदेश के छात्रों के कक्षा 12 के रिजल्ट के साथ घोषित किए गए थे। सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि मूल्यांकन योजना में यह प्रविधान किया गया था कि जो छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं है, उन्हें उन विषयों में परीक्षा देने का अवसर दिया जा सकता है, जिनकी परीक्षा पहले नहीं हो सकी थी। इसी प्रावधान के तहत अब परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

परीक्षा के लिए नहीं लिया जाएगा शुल्क

सीबीएसई अब इन 7 देशों के छात्रों के लिए 40 विषयों में परीक्षा कराने जा रहा है। इस परीक्षा में वे छात्र शामिल हो सकते हैं, जिनके परिणाम विशेष मूल्यांकन योजना के तहत घोषित किए गए थे और जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

अपनी पसंद के विषय में परीक्षा दे सकेंगे छात्र

पश्चिम एशिया में हिंसक संघर्ष की वजह से रद्द हुई परीक्षा के प्रभावित छात्र नई परीक्षा के लिए अपने पसंद के विषयों का चुनाव कर सकते हैं। फ्रेश एग्जाम में मिले अंकों को फाइनल माना जाएगा और वे परीक्षार्थी के उस परीक्षा में पहले के प्रदर्शन की जगह लेंगे।


इच्छुक छात्रों को सीधे जमा करना होगा फार्म

योग्य छात्रों को परीक्षा फॉर्म सीधे जमा करने होंगे। फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड परीक्षा की तारीखें और विस्तृत डेट शीट की घोषणा करेगा। 12वीं कक्षा की फ्रेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बदलेंगे। बोर्ड ने यह भी कहा है कि इन परीक्षाओं के लिए रिजल्ट घोषित होने के बाद कोई सुविधा नहीं मिलेगी।

IMD Weather Report: 23 सितंबर को मौसम का बड़ा अलर्ट! आज इन 4 राज्यों में होगी बेहद भारी बारिश, 60 kmph स्पीड से आएगी आंधी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।