NEET की तैयारी कर रहे हैं? 2029 तक मेडिकल की 75 हजार नई सीटें बढ़ाने का सरकार का प्लान समझिए

सरकार अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के साथ डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ाना चाहती है। इसके लिए मेडिकल की पढ़ाई की सीटें बढ़ाई जा रही हैं। साथ ही, दूर-दराज के इलाकों में डॉक्टरों और दूसरे स्टाफ की कमी दूर करने की योजना बनाई जा रही है।

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 1:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
केंद्र सरकार ने 2029 तक देश में 75 हजार नई मेडिकल सीटें जोड़ने का लक्ष्य रखा है, ताकि ज्यादा युवाओं को डॉक्टर बनने का मौका मिल सके।

केंद्र सरकार देश में डॉक्टरों की कमी दूर करने और ज्यादा युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई का मौका देने की तैयारी कर रही है। सरकार का लक्ष्य 2029 तक 75 हजार और मेडिकल सीटें बढ़ाना है। इससे MBBS और PG की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए सीटों की संख्या बढ़ सकती है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 18 नवंबर को नई दिल्ली में यह जानकारी दी। वह वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल के दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद थे।

देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से ज्यादा हुई


जेपी नड्डा ने बताया कि पिछले कुछ सालों में देश में मेडिकल की पढ़ाई के लिए सुविधाएं बढ़ी हैं। इसके लिए उन्होंने कुछ आंकड़े भी बताए:

1. मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 863 हो गई है।

2. देश में AIIMS की संख्या भी बढ़कर 23 हो गई है।

3. पहले देश में सिर्फ एक AIIMS था।

मेडिकल की पढ़ाई के लिए बढ़े मौके

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, मेडिकल की पढ़ाई के लिए UG और PG दोनों स्तरों पर सीटें बढ़ाई गई हैं। इससे डॉक्टर बनने और आगे विशेषज्ञता हासिल करने वाले छात्रों को ज्यादा मौके मिले हैं।

• MBBS सीटें: पहले करीब 51 हजार थीं, जो अब बढ़कर लगभग 1.43 लाख हो गई हैं।

• PG मेडिकल सीटें: पहले करीब 31 हजार थीं, अब इनकी संख्या लगभग 91 हजार हो गई है।

MBBS की पढ़ाई के बाद छात्र PG कोर्स के जरिए किसी खास बीमारी या मेडिकल क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टर बनने की ट्रेनिंग ले सकते हैं।

मेडिकल सीटें बढ़ाने का अगला कदम

सरकार अब मेडिकल सीटों की संख्या में और बढ़ोतरी करना चाहती है। इसके तहत 2029 तक 75 हजार नई सीटें जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इससे मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों को ज्यादा मौके मिल सकते हैं।

अगर यह लक्ष्य पूरा होता है, तो देश में डॉक्टरों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है। हालांकि, इसके लिए मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई और ट्रेनिंग की अच्छी सुविधाओं के साथ डॉक्टरों और दूसरे स्टाफ की व्यवस्था करना भी जरूरी होगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।