DK Shivakumar: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा आधिकारिक तौर पर मंजूर होने के एक दिन बाद अब उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने की राह लगभग साफ हो गई है। सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
इस बीच, शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नए नेता का औपचारिक चुनाव किया जाएगा। माना जा रहा है कि डीके शिवकुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना जा सकता है।
बता दें कि गुरुवार को सिद्धारमैया ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के फैसले का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया है। ऐसे में अब उनके इस्तीफे के साथ ही कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कई महीनों से चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया।
गौरतलब है कि कांग्रेस को कर्नाटक में मजबूत करने में डीके शिवकुमार की अहम भूमिका रही है। उन्हें राज्य में पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माना जाता है। यही वजह है कि उनके नाम पर किसी बड़े विरोध की संभावना नहीं दिखाई दे रही है।
इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया ने राहुल गांधी, खड़गे से की मुलाकात
वहीं, इस्तीफा देने के एक दिन बाद सिद्धारमैया नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिद्धारमैया ने राहुल गांधी को मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान उन्होंने कांग्रेस में अपनी भविष्य की भूमिका को लेकर भी चर्चा की।
बैठक में मौजूद कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने इसे बेहद सकारात्मक मुलाकात बताया। उन्होंने कहा कि नेताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जब सुरजेवाला से कर्नाटक में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा "बिल्कुल। राज्य में सत्ता के सुचारू हस्तांतरण में कोई बाधा नहीं है।"
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच नई सरकार के गठन और कर्नाटक में कांग्रेस के अगले नेतृत्व ढांचे को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।