खान सर और रौशन आनंद सर का विवाद गहरा चुका है। रौशन आनंद ने जमानत पर बाहर आते ही आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या फैजल खान उर्फ खान सर ने साजिश रच कर करवाई। वहीं इसको लेकर खान सर उर्फ फैजल खान का कोई भी बयान अभी सामने नहीं आया है। हांलाकि उन्होंने प्रिंस यादव की मौत पर शोक जरुर जताया है। वहीं रौशन आनंद (Raushan Anand) और खान सर (Khan Sir) के मामले अब बिहार के सियासी गलियारों में भी पहुंचता दिख रहा है। इस मामले में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने सीबीआई जांच की मांग की है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उन्होंने बीते सोमवार को पत्र लिखा है। इस बीच आज (मंगलवार) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की बड़ा रिएक्शन सामने आया है।
चिराग पासवान ने कही ये बात
वहीं तेजस्वी यादव ने सीबीआई जांच की मांग पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, ".... जांच चल रही है। सच सामने आना चाहिए। यह जांच का मामला है; यह बच्चों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। हमारी सरकार निश्चित रूप से यह सुनिश्चित करेगी कि किसी के साथ अन्याय न हो।" क्या बिहार में कोचिंग माफिया पनप रहे हैं? इस सवाल पर चिराग पासवान ने कहा, "देखिए मैं माफिया जैसा शब्द शिक्षक के साथ नहीं जोड़ना चाहूंगा। लेकिन कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ियां तो हुई हैं जिसकी वजह से स्थिति असहज हुई है। मैं मानता हूं कि ये जांच का विषय है, बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है, जांच होकर जरूर समाधान निकलना चाहिए।"
बता दें कि, बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों खान सर और रौशन आनंद सर के बीच तनातनी का मामला काफी गर्माया हुआ है। 2 जून 2026 को दोनों के बीच जारी तनाव ने उग्र रूप ले लिया। खान सर के कोचिंग सेंटर पर पथराव, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग हुई। खान सर के गार्ड्स ने फायरिंग की बात सामने आई। उन्होंने रौशन आनंद पर हमला करवाने का आरोप लगाया। इस मामले में रौशन आनंद की गिरफ्तारी भी हुई। वहीं खान सर को भी केस में नामजद किया गया।
वहीं दो दिन पहले रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। रौशन आनंद जेल से बाहर आए और अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। आनंद ने जेल से बाहर आकर ‘खान सर’ पर आरोप लगाया कि उन्होंने भाई प्रिंस यादव की “हत्या” की साजिश रची थी। प्रिंस की मौत पर बिहार पुलिस की ओर से कोई भी अधिकारिक बयान अब तक नहीं आया है। रौशन आनंद ने कहा कि वह सनातनी हिंदू हैं. चाहते हैं कि भाई की मौत की निष्पक्ष जांच हो। आनंद के भाई प्रिंस की मौत कैसे हुई, इस सवाल के जवाब में अभी तक कोई अधिकारिक रिपोर्ट सामने नहीं आई है।