दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) के दफ्तरों के कार्य समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। यह नया नियम 15 नवंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक लागू रहेगा। नई व्यवस्था के अनुसार, दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं, दिल्ली नगर निगम के दफ्तरों का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। यह कदम प्रदूषण और ट्रैफिक के दबाव को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इस समय दिल्ली सरकार के दफ्तर सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक और दिल्ली नगर निगम (MCD) के दफ्तर सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलते हैं। लेकिन दोनों के खुलने के समय में सिर्फ 30 मिनट का अंतर होने की वजह से सुबह और शाम के वक्त सड़कों पर भारी ट्रैफिक और भीड़भाड़ रहती है। यही कारण है कि वाहनों का प्रदूषण बढ़ता है और दिल्ली की हवा और ज्यादा खराब हो जाती है।
दिल्ली में प्रदूषण का बुरा हाल
मुख्यमंत्री का कहना है कि हमारी सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए लगातार गंभीर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में सरकार ने पहले से ही सक्रियता दिखाते हुए यह कदम उठाया है। सरकार नहीं चाहती कि समस्या के बाद उसका समाधान तलाश किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यालयों के खुलने और बंद होने के समय में इतना अंतर रखा जाए कि ट्रैफिक का दबाव सड़कों पर एक साथ न पड़े। दिल्ली के शुक्रवार को कई इलाकों में एक्यूआई 300 से 370 के बीच दर्ज की गई है, जिनमें आनंद विहार में 332, बवाना में 366, चांदनी चौक में 354, बुराड़ी में 345 और अलिपुर में 316 दर्ज किया गया है।