Cyclone Arnab Alert: आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा, 53 ट्रेनें रद्द! इन राज्यों में बारिश का अलर्ट!

Cyclone Arnab Alert: चक्रवात अर्नब के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश में तैयारी तेज कर दी गई है। तूफान के दौरान 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इसके चलते 53 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, स्कूल बंद हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।

अपडेटेड Oct 27, 2026 पर 3:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
चक्रवात के खतरे से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट, भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी।

Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'अर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) और ओडिशा (Odisha) में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के पास टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 125 किमी प्रति घंटे तक रहने और तेज झोंके 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। खतरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है और कई इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

तूफान के असर से साउथ कोस्ट रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर को चलने वाली 53 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 27 और 28 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है। इससे निचले इलाकों में पानी भरने और यातायात प्रभावित होने का खतरा है।

आंध्र प्रदेश में राहत और बचाव की तैयारी


आंध्र प्रदेश सरकार ने चक्रवात से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को लोगों को समय पर चेतावनी देने और सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। राहत के लिए 20 जिलों को 27 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं, 4,711 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में पहुंचाने की तैयारी है। समुद्र में गए मछुआरे सुरक्षित लौट आए हैं। कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और ट्रेनें रद्द की गई हैं।

• NDRF की टीमें: आंध्र प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बचाव दल तैनात किए गए हैं। यनम में भी दो टीमें मौजूद हैं।

• राहत शिविर: लोगों को सुरक्षित रखने के लिए 1,763 आश्रय स्थलों की पहचान की गई है।

• जरूरी सामान: पानी के टैंकर, अग्निशमन गाड़ियां और बचाव के उपकरण तैयार रखे गए हैं। अलग-अलग जिलों में कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।

• स्कूल और समुद्र तट: प्रभावित इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। समुद्र तटों पर जाने और मछली पकड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

ओडिशा में भारी बारिश और 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इसके चलते आठ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और दो ट्रेनों का सफर बीच रास्ते में ही खत्म कर दिया गया है। छह जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे, जबकि गंजाम में 27 अक्टूबर को आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए हैं। प्रशासन ने मछली पकड़ने और पर्यटन स्थलों पर जाने पर रोक लगा दी है।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

• पश्चिम बंगाल: दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया में 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा है।

• छत्तीसगढ़: 28 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

• पूर्वी उत्तर प्रदेश: 29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका है।

• अंडमान-निकोबार: एहतियात के तौर पर स्कूलों को दो दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है।

• तेलंगाना और बिहार समेत दूसरे राज्यों के अधिकारियों को भी सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।

चक्रवात के चलते रेलवे ने बड़े स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और टिकट रिफंड काउंटर खोले हैं। यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है। वहीं, तटीय इलाकों के लोगों से प्रशासन की चेतावनी मानने और सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।