Get App

लाइव ब्लॉग

Akhilesh Nath Tripathi OCTOBER 28, 2025 / 11:34 PM IST

Cyclone Montha Highlights: चक्रवाती तूफान 'मोंथा' आंध्र तट से टकराया! 110km रही हवा की रफ्तार, ओडिशा में भारी बारिश और भूस्खलन

Cyclone Montha Highlights: मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार (28 अक्टूबर) को बताया कि चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के आंध्र प्रदेश तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ओडिशा के तटीय और दक्षिणी जिलों में भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' की वजह से मंगलवार रात को भारी बारिश होने से भूस्खलन हुआ। कई घरों को नुकसान पहुंचा। कई जगह पेड़ भी उखड़ गए। IMD ने बताया कि मोंथा के तट से टकराने की शुरुआत पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में शाम लगभग 7 बजे से हुई

Cyclone Montha Highlights: आंध्र प्रदेश के तट से भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अगले तीन से चार घंटों तक जारी रहेगी। IMD ने मंगलवार (28 अक्टूबर) की शाम 7:23 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के अपने आधिकारिक हैंडल पर किए एक पोस्ट में कहा कि तूफान की स्थिति से संकेत मिलता है कि इसके तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आईएमडी ने कहा, "लेटेस्ट ऑब

Cyclone Montha LIVE: मौसम विभाग ने बताया कि आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवाती तूफान मोंथा की लैंडफॉल प्रक्रिया जारी है
Cyclone Montha LIVE: मौसम विभाग ने बताया कि आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवाती तूफान मोंथा की लैंडफॉल प्रक्रिया जारी है
OCTOBER 28, 2025 / 10:48 PM IST

Cyclone Montha LIVE: आंध्र प्रदेश के 7 जिलों में यात्रा करने पर बैन

आंध्र प्रदेश सरकार ने चक्रवात प्रभावित सात जिलों में मंगलवार (28 अक्टूबर) रात 8:30 बजे से बुधवार (29 अक्टूबर) सुबह 6:00 बजे तक गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। रियल-टाइम गवर्नेंस सिस्टम (RTGS) के एक बुलेटिन के अनुसार, कृष्णा, एलुरु, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, काकीनाडा, डॉ. बीआर अंबेडकर कोनासीमा जिलों और अल्लूरी सीताराम राजू जिले के चिंतुरू और रामपचोदवरम संभागों में चक्रवात का प्रभाव गंभीर रहने की आशंका है। जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों (SP) को प्रभावित क्षेत्रों में नेशनल हाईवे सहित सभी ट्रैफिक रोकने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।

    OCTOBER 28, 2025 / 10:10 PM IST

    Cyclone Montha LIVE: काकीनाडा तट पर कब पहुंचेगा मोंथा?

    गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा मंगलवार आधी रात के आसपास आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के पास पहुंचेगा। इसकी 110-115 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलेंगीआंध्र सरकार ने तटीय ज़िलों को हाई अलर्ट पर रखा है और एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की हैं। ओडिशा में भी भारी बारिश की आशंका है। राज्य में गर्भवती महिलाओं सहित 3,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है। जबकि चेन्नई सहित उत्तरी तमिलनाडु में भारी बारिश होने की आशंका है। IMD ने मंगलवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवात के प्रभाव के कारण 31 अक्टूबर तक झारखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

      OCTOBER 28, 2025 / 9:29 PM IST

      Cyclone Montha LIVE: क्या है चक्रवाती तूफान 'मोंथा'?

      थाई भाषा में 'मोंथा' का अर्थ सुगंधित फूल होता है। आंध्र प्रदेश के तट से भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अगले तीन से चार घंटों तक जारी रहेगी। IMD ने मंगलवार शाम 7:23 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के अपने आधिकारिक हैंडल पर किए एक पोस्ट में कहा कि तूफान की स्थिति से संकेत मिलता है कि इसके तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आईएमडी ने कहा, "लेटेस्ट अपडेट्स से संकेत मिलता है कि तूफान के तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया अगले तीन से चार घंटों तक जारी रहेगी।"

      आईएमडी के मुताबिक अगले तीन से चार घंटों में यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगी। इसमें अधिकतम 90 से 100 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी। यह रफ्तार 110 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।

        OCTOBER 28, 2025 / 8:39 PM IST

        Cyclone Montha LIVE: 'मोंथा' से निपटने के लिए NDRF की 45 टीमें तैनात

        राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने चक्रवात 'मोंथा' के मद्देनजर राहत और बचाव कार्यों के लिए बचाव कर्मियों की 45 टीम तैनात की हैं। एनडीआरएफ ने बताया कि इनमें से 25 दलों को विभिन्न राज्यों में पहले से तैनात किया गया है। जबकि शेष को बैकअप के रूप में रखा गया है। उसने बताया कि आंध्र प्रदेश में 10 टीम, ओडिशा में छह, तमिलनाडु और तेलंगाना में तीन-तीन, छत्तीसगढ़ में दो और पुडुचेरी में एक टीम तैनात की गई है। एनडीआरएफ ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल तैनाती के लिए सामरिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर 20 अतिरिक्त टीम को तैयार रहने को कहा गया है।

          OCTOBER 28, 2025 / 8:02 PM IST

          Cyclone Montha LIVE: पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

          मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि गंभीर चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के कारण 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होगी। IMD ने एक विशेष बुलेटिन में कहा कि मेंथा के थोड़ी देर में आंध्र प्रदेश में काकीनाडा के पास पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को गुरुवार तक पश्चिम बंगाल तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

          मौसम विभाग ने बताया कि इस मौसम तंत्र के कारण मंगलवार से शुक्रवार के बीच दक्षिण बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में एक या दो स्थानों पर शुक्रवार को बहुत भारी वर्षा (7 से 20 सेमी) होने का अनुमान है।

            OCTOBER 28, 2025 / 7:41 PM IST

            Cyclone Montha LIVE: 'मोंथा' प्रभावितों के लिए 2,000 से अधिक आपदा राहत केंद्र खोले गए

            ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार चक्रवात 'मोंथा' से आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस भीषण चक्रवाती तूफान से प्रभावित होने वाले लोगों के लिए आठ दक्षिणी जिलों में 2,000 से अधिक आपदा राहत केंद्र खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि 11,396 लोगों को राज्य सरकार द्वारा खोले गए 2,048 आपदा राहत केंद्रों में शिफ्ट किया गया है।

            माझी ने एक उच्च स्तरीय बैठक में राज्य सरकार की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह बात कही। बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, मुख्य सचिव मनोज आहूजा, पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जानमान के नुकसान के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए हैं।

              OCTOBER 28, 2025 / 7:23 PM IST

              Cyclone Montha LIVE: कभी भी दस्तक दे सकता है चक्रवात 'मोंथा'

              चक्रवाती तूफान 'मोंथा' कुछ ही देर में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने के आशंका है। इस दौरान अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इससे आंध्र प्रदेश के अलावा ओडिशा, तमिलनाडु और बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

                OCTOBER 28, 2025 / 6:58 PM IST

                Cyclone Montha LIVE: मोंथा चक्रवात के मद्देनजर रेलवे भी तैयार, 'वॉर रूम' एक्टिव

                केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चक्रवात मोंथा के लिए रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की। इस तूफान के मंगलवार को आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना के तटीय क्षेत्रों से टकराने की आशंका है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक वैष्णव ने संबंधित रेलवे जोन को भारत के पूर्वी तट पर चक्रवात के प्रभाव की आशंका के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया।

                एक बयान में कहा गया है कि रेल मंत्री ने प्रमुख कार्य बिंदुओं पर चर्चा की। जैसे कि मंडल स्तरीय 'वॉर रूम' को एक्टिव करना, आवश्यक सामग्री, मशीनरी और मानव शक्ति तैयार रखना, विशेष रूप से विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और गुंटूर मंडलों में, साथ ही यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए ट्रेन परिचालन की निगरानी करना शामिल है।

                  OCTOBER 28, 2025 / 6:35 PM IST

                  Cyclone Montha LIVE: कई इलाकों में भारी बारिश शुरू

                  चक्रवात मोंता के प्रभाव के कारण मछलीपट्टनम में सुबह 8:30 बजे से 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नरसापुर (9.8 मिमी), तुनी (15.6 मिमी), काकीनाडा (5.7 मिमी) और विशाखापत्तनम (0.2 मिमी) में बारिश दर्ज की गई। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि नेल्लोर जिले में भी पिछले 36 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में औसतन पांच सेमी बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में सात सेमी तक बारिश हुई। अधिकारी ने बताया, "अगले 12 घंटों तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। संवेदनशील शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी दल अलर्ट पर हैं।"

                    OCTOBER 28, 2025 / 6:26 PM IST

                    Cyclone Montha LIVE: 110 किलोमीटर की रफ्तार चलेंगी हवाएं

                    चक्रवाती तूफान 'मोंथा' से अधिकतम 90-100 किमी. प्रति घंटे की गति से हवा चलने की उम्मीद है, जो बाद में बढ़कर 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस बीच एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोनासीमा जिले के मकानगुडेम गांव में तेज आंधी के कारण एक पेड़ उखड़कर एक महिला पर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।

                      OCTOBER 28, 2025 / 6:20 PM IST

                      Cyclone Montha LIVE: आज रात में दस्तक देगा चक्रवात

                      बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम से चक्रवात समुद्र में लगभग 270 किलोमीटर दूर स्थित था। इसकी हवा की रफ्तार 110 किमी. प्रति घंटे तक थी। IMD के अनुसार, 'मोंथा' के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते रहने तथा मंगलवार की शाम और रात के दौरान एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने का अनुमान है।

                        OCTOBER 28, 2025 / 6:19 PM IST

                        Cyclone Montha LIVE: अभी कितना दूर है चक्रवाती तूफान मोंथा?

                        पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से गुजर रहा भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' इस समय (शाम 6 बजे) मछलीपट्टनम से लगभग 100 किलोमीटर और काकीनाडा से 180 किलोमीटर दूर है। थाई भाषा में 'मोंथा' का अर्थ सुगंधित फूल होता है। मौसम विभाग (IMD) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह पिछले एक घंटे में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ी। दोपहर 1:30 बजे उसी क्षेत्र में केंद्रित हो गई। मौसम विभाग ने कहा, "पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर से गुजर रहा भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' पिछले एक घंटे में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा और आज 1:30 बजे उसी क्षेत्र के ऊपर केंद्रित हो गया।"

                          OCTOBER 28, 2025 / 6:16 PM IST

                          Cyclone Montha LIVE: आंध्र प्रदेश में तबाही मचाने आ रहा चक्रवाती तूफान 'मोंथा'

                          'मोंथा' के मंगलवार (28 अक्टूबर) रात को एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने के आशंका है। इससे अधिकतम 90 से 100 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। बाद में यह बढ़कर 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आंध्र, ओडिशा, तमिलनाडु और बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

                            OCTOBER 28, 2025 / 6:03 PM IST

                            मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है