₹7.5 लाख की DDA गोल्फ कोर्स मेंबरशिप के लिए उमड़े लोग, 11 दिनों में हुआ ओवरसब्सक्राइब; अब इस तरीके से मिलेगा अलॉटमेंट

DDA Dwarka Golf Course Membership: DDA ने आवेदकों की जरूरत के अनुसार लाइफटाइम के साथ-साथ 3 साल और 5 साल के मेंबरशिप विकल्प भी दिए हैं। सभी इच्छुक आवेदक ₹2,500 नॉन-रिफंडेबल का शुल्क देकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एक आवेदक केवल एक ही फॉर्म जमा करें। एक से अधिक आवेदन पाए जाने पर फॉर्म निरस्त कर दिया जाएगा

अपडेटेड Aug 04, 2026 पर 1:09 PM
रजिस्ट्रेशन की विंडो 21 जुलाई 2026 को खोली गई थी और यह पूरे 2 महीनों तक खुली रहेगी

DDA Dwarka Golf Course Membership: दिल्ली विकास प्राधिकरण के द्वारका गोल्फ कोर्स की लाइफटाइम मेंबरशिप के लिए खेल प्रेमियों और दिल्लीवासियों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों पर शुरू की गई इस लाइफटाइम मेंबरशिप रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को शुरू हुए महज 11 दिन ही हुए हैं और यह कोटा ओवरसब्सक्राइब हो चुका है।

DDA की ओर से कुल 850 लाइफटाइम मेंबरशिप की पेशकश की गई थी, जिसके मुकाबले अब तक 856 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। रजिस्ट्रेशन की विंडो 21 जुलाई 2026 को खोली गई थी और यह पूरे 2 महीनों तक खुली रहेगी।

11 दिनों में ही फुल हुआ कोटा, जानिए कैटेगरी-वाइज आंकड़े


डीडीए द्वारा दी जा रही 850 लाइफटाइम मेंबरशिप को दो प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है:

गैर-सरकारी श्रेणी: इस श्रेणी में उपलब्ध 600 सीटों के मुकाबले अब तक 636 आवेदन आ चुके हैं। यानी यह कैटेगरी पूरी तरह से ओवरसब्सक्राइब हो चुकी है।

सरकारी श्रेणी: सरकारी वर्ग में 250 सीटों के मुकाबले अब तक 220 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और यह श्रेणी भी बहुत जल्द फुल होने की ओर है।

चूंकि रजिस्ट्रेशन विंडो अभी दो महीने तक खुली रहेगी, इसलिए दोनों ही श्रेणियों में आवेदनों की संख्या तय सीटों से काफी अधिक होने की उम्मीद है।

DDA गोल्फ कोर्स मेंबरशिप फीस की पूरी डिटेल

DDA ने आवेदकों की जरूरत के अनुसार लाइफटाइम के साथ-साथ 3 साल और 5 साल के मेंबरशिप विकल्प भी दिए हैं:

DDA गोल्फ कोर्स मेंबरशिप फीस की पूरी डिटेल

सभी इच्छुक आवेदक ₹2,500 नॉन-रिफंडेबल का शुल्क देकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एक आवेदक केवल एक ही फॉर्म जमा करें। एक से अधिक आवेदन पाए जाने पर फॉर्म निरस्त कर दिया जाएगा।

ओवरसब्सक्राइब सीटों के लिए कैसे होगा अलॉटमेंट?

तय सीटों से ज्यादा आवेदन आने के कारण डीडीए ने आवंटन के लिए पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने का फैसला किया है। जिन कैटेगरी में उपलब्ध मेंबरशिप से ज्यादा पात्र आवेदन प्राप्त होंगे, वहां रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड ड्रा के जरिए अलॉटमेंट किया जाएगा। ड्रा के जरिए सफल घोषित होने वाले आवेदकों को ऑफर लेटर जारी होने के 30 दिनों के भीतर ऑनलाइन माध्यम से मेंबरशिप फीस जमा करनी होगी।

द्वारका गोल्फ कोर्स की खासियतें भी जान लीजिए

वर्ष 2024 में उद्घाटन किया गया 18-होल चैंपियनशिप द्वारका गोल्फ कोर्स देश की बेहतरीन खेल सुविधाओं में से एक है। द्वारका सेक्टर-24 में स्थित यह गोल्फ कोर्स करीब 158 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें 52 Bays वाला भारत का सबसे लंबा 375-यार्ड का ड्राइविंग रेंज है। साथ ही भारत में पहली बार नॉर्थ शोर एसएलटी ग्रास फेयरवे का इस्तेमाल किया गया है। इसमें क्लब हाउस, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, कॉन्फ्रेंस हॉल, स्विमिंग पूल, स्टीम व सॉना बाथ, टेक स्टूडियो और गोल्फ एकेडमी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।