Dead Economy Row: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 'डेड इकॉनमी' वाले बयान पर पार्टी से अलग बयान देकर फिर चर्चा में आ गए हैं। शशि थरूर ने शुक्रवार (1 अगस्त) को कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था बिल्कुल भी डेड नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही भारतीय सामानों पर 25 फीसदी का टैरिफ लगाया। उसके अगले दिन भारत की अर्थव्यवस्था को 'डेड इकोनॉमी' कहकर संबोधित किया। फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रंप की बात को सही ठहराते हुए भारती अर्थव्यवस्था को डेड बताया। लेकिन अब उन्हीं के पार्टी के सीनियर शशि थरूर ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था किसी भी सूरत में डेड नहीं है।
केरल के तिरुवनंतपुरम के सांसद थरूर से ट्रंप की टिप्पणी के बारे में पूछा गया कि'क्या भारत की अर्थव्यवस्था डेड हो गई है' तो उन्होंने कहा, "...नहीं नहीं, बिल्कुल नहीं। ऐसा नहीं है, और हम सभी यह जानते हैं।" शशि थरूर ने अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क (टैरिफ) और जुर्माना लगाने की घोषणा के बाद गुरुवार को कहा कि व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत के बीच यह सिर्फ़ एक सौदेबाजी की रणनीति हो सकती है।
थरूर ने कहा, "यह भी कहा कि अगर कोई अच्छा सौदा संभव नहीं है, तो हमें पीछे हटना पड़ सकता है। थरूर ने अमेरिका पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह तेल भंडार विकसित करने के लिए पाकिस्तान के साथ काम करने जा रहा है। पाकिस्तान में तेल खोजने के लिए उन्हें शुभकामनाएं हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान को सही ठहराते हुए गुरुवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सिवाय सब जानते हैं कि भारत एक ‘डेड इकोनॉमी’ (बर्बाद अर्थव्यवस्था) है। उन्होंने यह दावा भी किया कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता डोनाल्ड ट्रंप की शर्तों पर होगा और प्रधानमंत्री मोदी वही करेंगे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति कहेंगे।
ट्रंप ने भारत से आयात पर 25 प्रतिशत का शुल्क (टैरिफ) लगाने की घोषणा करने के कुछ घंटों बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और रूस अपनी 'बर्बाद अर्थव्यवस्थाओं' को एक साथ गर्त में ले जा सकते हैं और उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा, "क्या आपको मालूम नहीं है कि भारत की अर्थव्यवस्था एक बर्बाद अर्थव्यवस्था है। BJP ने अर्थव्यवस्था को खत्म कर दिया है। आप लोग (मीडियाकर्मी) हैरान क्यों लग रहे हैं?" कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया, "भारत के सामने आज मुख्य मुद्दा है कि इस सरकार ने हमारी आर्थिक नीति को तबाह कर दिया, हमारी रक्षा नीति को तबाह कर दिया और हमारी विदेश नीति को तबाह कर दिया। वे देश को रसातल में ले जा रहे हैं।"