'स्टेडियम की छत बंद रखना, वरना…', ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को मिली धमकी, जांच जारी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसियों ने फेसबुक पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस का पता लगा लिया है। अब अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि धमकी किसने दी और क्या इस मामले में आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है

अपडेटेड Jul 04, 2026 पर 8:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। इस दौरे पर पीएम मोदी, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मेलबर्न में वार्षिक शिखर सम्मेलन में मुलाकात करेंगे। वहीं इस दौरे से पहले पीएम मोदी को फेसबुक पर जान से मारने की कथित धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले के बाद ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई के बीच मेलबर्न दौरे पर रहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को मिली धमकी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह धमकी "मेलबर्न मीट्स मोदी" कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट के कमेंट में दी गई थी। यह कार्यक्रम 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होना है। रिपोर्ट के अनुसार, "अबू मुस्तफा" नाम के एक फेसबुक अकाउंट से टिप्पणी करते हुए लिखा गया कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहनी चाहिए, नहीं तो प्रधानमंत्री मोदी के लिए खतरा हो सकता है।


मामले की जांच जारी 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसियों ने फेसबुक पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस का पता लगा लिया है। अब अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि धमकी किसने दी और क्या इस मामले में आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है। ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस (AFP) ने जांच जारी होने का हवाला देते हुए अभी तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और न ही ज्यादा जानकारी साझा की है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इस कथित धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई सुरक्षा एजेंसियां मिलकर काम करेंगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर-जनरल से भी मुलाकात करेंगे। इस यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी शामिल होंगे, जहां वह दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं को संबोधित करेंगे। साथ ही, वह ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय समुदाय दोनों देशों के मजबूत रिश्तों की एक अहम कड़ी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।