Dehradun Road Rage: देहरादून में रोड रेज विवाद में भारी गोलीबारी, मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत

Dehradun Road Rage: पुलिस ने बताया कि सोमवार (30 मार्च) सुबह मसूरी रोड पर दो कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग विवाद में हुई फायरिंग में आवारा गोली लगने से एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई। एक अधिकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह 6.45 से 7 बजे के बीच हुई जब राजपुर के निवासी 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी अपनी नियमित सुबह की सैर के लिए बाहर निकले थे

अपडेटेड Mar 30, 2026 पर 1:34 PM
Story continues below Advertisement
Dehradun Road Rage: देहरादून में कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई (फोटो- HT)

Dehradun Road Rage: उत्तराखंड पुलिस ने बताया कि देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार (30 मार्च) सुबह रास्ता देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सुबह उस समय हुई जब दिल्ली रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो एन में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया।

एक अधिकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह 6.45 से 7 बजे के बीच हुई। इस दौरान राजपुर के निवासी ब्रिगेडियर जोशी अपनी नियमित सुबह की सैर के लिए बाहर निकले थे। पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर गोलियां चलाई। इस दौरान सुबह की सैर पर निकले सेना के 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लग गई।

अधिकारियों ने बताया कि जोशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के मुताबिक, टायर पर गोली लगने से फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।


एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। फिर अस्पताल जाकर पीड़ितों से जानकारी ली।

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 6.50 बजे मालसी के पास हुई। दिल्ली में रजिस्टर्ड टोयोटा फॉर्च्यूनर और महिंद्रा स्कॉर्पियो N में बैठे लोगों के बीच रास्ता न देने को लेकर बहस हो गई।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: BJP प्रमुख नितिन नवीन ने बिहार विधानसभा से दिया इस्तीफा, बांकीपुर की जनता से की भावुक अपील

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। देहरादून पुलिस ने बताया कि आरोपी कुछ दूरी पर अपनी कार छोड़कर मौके से भाग गए। मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। इस हत्याकांड में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।