Bihar Politics: BJP प्रमुख नितिन नवीन ने बिहार विधानसभा से दिया इस्तीफा, बांकीपुर की जनता से की भावुक अपील

Nitin Nabin: नितिन नवीन ने बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी के माध्यम से अपना इस्तीफा भिजवाया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का इस्तीफा प्राप्त हुआ है। हमने इस्तीफे को मंजूर करके आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। इस बीच, बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी MLC पर से इस्तीफा दे दिया है

अपडेटेड Mar 30, 2026 पर 1:09 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Politics: बिहार विधानसभा सदस्यता से सोमवार को इस्तीफा देने से पहले नितिन नवीन ने भावुक अपील की

Bihar Politics: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए चुने जने के बाद सोमवार (30 मार्च, 2026) को अपनी विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी। बिहार के CM नीतीश कुमार के विधान परिषद (MLC) की सदस्यता छोड़ने के कुछ ही देर बाद नितिन नवीन ने भी MLA पद से इस्तीफा दे दिया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा, "BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के माध्यम से बिहार विधानसभा के सदस्य नितिन नवीन जी का इस्तीफा प्राप्त हुआ है। हमने इस्तीफे को मंजूर करके आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।"

नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने से पहले विधानसभा क्षेत्र की जनता से भावुक अपील की। दो सप्ताह पहले राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए नवीन ने X पर एक पोस्ट कर कहा, "आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं।"

अपने राजनीतिक को याद करते हुए उन्होंने लिखा, "जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया। 27 अप्रैल 2006 को पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर मैंने सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।"


उन्होंने आगे कहा, "पिछले 20 वर्षों में पिताजी दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।"

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, "मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार पांच बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया। सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया।"

उन्होंने कहा, "बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। मैंने अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही निकाला है।"

नवीन ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी ने जब मुझे बिहार सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया, तब मुझे कई अहम फैसलों, नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन करने में सफलता मिली। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने कहा, "मैंने यह हमेशा कहा है कि जनता ने मुझे समस्याएं भी बताई, और उन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मुझे जनता ने हीं दिखाया। कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में और अभिभावक के रूप में उंगली पकड़कर आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि जो परिवार का भाव उन्होंने मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूंगा।"

नवीन ने कहा, "पार्टी ने मुझे जो नई भूमिका दी है। उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूंगा। मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह सदैव बना रहेगा और मुझे हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।"

ये भी पढ़ें- Nitish Kumar Resign: सीएम नीतीश कुमार ने छोड़ा MLC का पद! बिहार विधान परिषद से दिया इस्तीफा, अब कौन होगा नया मुख्यमंत्री? सस्पेंस बरकरार

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 के 'विकसित भारत एवं विकसित बिहार' बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।