Delhi AQI Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय भीषण शीत लहर और घने कोहरे की चपेट में है। आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 3.2°C दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में जनवरी की सबसे ठंडी सुबह है। मौसम विभाग (IMD) ने शहर में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद कम है। इसके साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी कोई सुधार नहीं दिख रहा है और हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी हुई है।
द्वारका सेक्टर 8: 356 (बेहद खराब)
ITO (CPCB): 323 (बेहद खराब)
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम: 313 (बेहद खराब)
प्रदूषण के कारण यमुना नदी में एक बार फिर सफेद जहरीली झाग तैरती दिखाई दे रही है, जो पारिस्थितिक तंत्र के लिए बड़ा खतरा है। और यह सरकार के उस दावे पर भी सवाल उठाती है, कि यमुना को लगातार साफ किया जा रहा है।
घने कोहरेकी वजह से फ्लाइट्स और ट्रेनें प्रभावित
घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिसका सीधा असर परिवहन पर पड़ा है। कई ट्रेन अपने नियत समय से घंटों देरी से चल रही है। इसके साथ हवाई यात्रा में भी बड़ी बाधा देखने को मिल रही है। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि लो विजिबिलिटी के कारण कई उड़ानें विलंबित है और कुछ को डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को उनकी फ्लाइट्स की टाइमिंग लगातार चेक करने और लेटेस्ट अपडेट्स पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
ठंड की वजह से स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं
बढ़ती ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली-एनसीआर के कई प्रशासन ने सर्दियों की छुट्टियों को 15 जनवरी 2026 तक बढ़ा दिया है। विशेष रूप से नर्सरी से कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।