Delhi Air Pollution: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही, जहां 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 330 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 312 दर्ज किया गया।
प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार के बावजूद, राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश हिस्सों में वायु गुणवत्ता बुहत खराब बनी रही। CPCB के Sameer ऐप के अनुसार, 29 मॉनिटरिंग स्टेशनों में 'बहुत खराब' वायु गुणवत्ता रही, जबकि 9 केंद्र 'खराब' श्रेणी में रहे।
नेहरू नगर में सुबह के समय वायु गुणवत्ता सबसे खराब दर्ज की गई, जहां AQI 382 रहा। CPCB के वर्गीकरण के अनुसार, AQI 201 से 300 को ‘खराब’ माना जाता है, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
एयर क्वालिटी वॉर्निंग सिस्टम के अनुसार, 22 से 24 जनवरी तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रहने की आशंका है।
इस सप्ताह की शुरुआत में, शनिवार, रविवार और सोमवार को दिल्ली में लगातार तीन दिनों तक 'गंभीर' वायु प्रदूषण रहा, जिसमें एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 से अधिक रहा।
दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-4 के प्रतिबंध लागू किए गए थे। हालांकि, मंगलवार को AQI में मामूली सुधार के बाद, एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने स्टेज-4 के तहत लगाए गए प्रतिबंध हटा दिए। आयोग ने एक आदेश में कहा कि संशोधित GRAP के चरण 1, 2 और 3 के तहत की गई कार्रवाई लागू रहेंगी।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को दिल्ली में बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, साथ ही सुबह के समय मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
IMD ने 23 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में गरज के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने एक प्रेस रिलीज में कहा, "23 जनवरी को दिल्ली में गरज के साथ ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"