Delhi AQI: दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत, GRAP-3 की पाबंदियां हटीं; कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को लेकर जारी हुआ 'येलो अलर्ट'

Delhi AQI today: प्रदूषण में राहत के चलते अब गैर-जरूरी निर्माण कार्यों, तोड़फोड़ की गतिविधियों और दिल्ली-NCR में BS-3 पेट्रोल व BS-4 डीजल कारों के चलने पर लगी रोक खत्म हो गई है।हालांकि, GRAP के पहले और दूसरे चरण (Stage-I & II) की पाबंदियां अभी भी लागू रहेंगी

अपडेटेड Jan 03, 2026 पर 7:44 AM
Story continues below Advertisement
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है

Delhi AQI Today: दिल्ली-NCR के निवासियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली की हवा में आए सुधार और अनुकूल मौसम को देखते हुए पूरे क्षेत्र से GRAP के तीसरे चरण की पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा लिया है। पिछले कई दिनों से दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार कम हो रहा है। आज सुबह दिल्ली का AQI 236 दर्ज किया गया। हवा की गुणवत्ता में आए इस सुधार के बाद अब गैर-जरूरी निर्माण कार्यों, तोड़फोड़ की गतिविधियों और दिल्ली-NCR में BS-3 पेट्रोल व BS-4 डीजल कारों के चलने पर लगी रोक खत्म हो गई है।हालांकि, GRAP के पहले और दूसरे चरण (Stage-I & II) की पाबंदियां अभी भी लागू रहेंगी।

इसके साथ ही दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। आने वाला सप्ताह में शीतलहर और घना कोहरा रहने वाला है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ रहा है।

दिल्ली में कहां कितनी ठंड?


पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। शुक्रवार को दिल्ली के विभिन्न केंद्रों पर दर्ज न्यूनतम तापमान कुछ इस प्रकार रहा:

आया नगर: 8.1°C (सबसे ठंडा इलाका)

रिज: 8.7°C

सफदरजंग: 9.1°C

पालम और लोधी रोड: ~9.0°C

अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की और गिरावट आने की संभावना है, जिससे रातें और अधिक सर्द हो जाएंगी।

घने कोहरे से थम गई दिल्ली की रफ्तार

विजिबिलिटी कम होने के कारण बीते दिन दिल्ली की रफ्तार थम गई। लो-विजिबिलिटी के कारण 60 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं और दर्जनों फ्लाइट्स ने देरी से उड़ान भरी। दिल्ली आने-जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। अंतरराज्यीय बसें भी अपने निर्धारित समय से काफी पीछे हैं। अगले कुछ दिनों तक रात और सुबह के समय 'घना से बहुत घना कोहरा' रहने की चेतावनी दी गई है।

IMD के अनुसार, स्थिति 'कोल्ड वेव' और 'कोल्ड डे' के करीब पहुंच गई है। बता दें कि जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5°C से 6.5°C कम हो जाए तो उसे शीतलहर और जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5°C नीचे गिर जाए तो उसे कोल्ड डे कहा जाता है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि, सुबह और देर रात यात्रा करने से बचें। अगर जरूरी हो, तो फॉग लाइट का उपयोग करें और अपनी फ्लाइट/ट्रेन का स्टेटस चेक करके ही निकलें। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की परतों का उपयोग करें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। मौसम संबंधी आधिकारिक ऐप या वेबसाइट के जरिए अपडेट रहें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।