Delhi AQI: दिल्ली में जहरीली धुंध और कोहरे का डबल अटैक, 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचा AQI; उड़ानों और ट्रेनों पर पड़ा भारी असर

Delhi AQI Today: आज सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 381 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने घने कोहरे को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है

अपडेटेड Dec 31, 2025 पर 7:42 AM
Story continues below Advertisement
लो विजिबिलिटी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है

Delhi AQI Today: देश की राजधानी दिल्ली इस वक्त प्रदूषण और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रही है। आज सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 381 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घने कोहरे को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। लो विजिबिलिटी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

किन इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब?

दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार यानी 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है। प्रमुख इलाकों का हाल नीचे दिया गया है:


नेहरू नगर: 423- गंभीर

द्वारका सेक्टर 8: 407- गंभीर

जहांगीरपुरी: 398- बहुत खराब

मुंडका: 393- बहुत खराब

बुराड़ी क्रॉसिंग: 355- बहुत खराब

IGI एयरपोर्ट: 328- बहुत खराब

लोधी रोड: 314- बहुत खराब

विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की गति 10 किमी/घंटा से कम होने और वेंटिलेशन इंडेक्स खराब होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में ही टिके हुए हैं। इसमें सबसे बड़ा योगदान परिवहन (15.3%) और उद्योगों (7.6%) का है।

बड़ी संख्या में उड़ाने प्रभावित, एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी

घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) पर उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया है। मंगलवार को 60 अराइवल और 58 डिपार्चर कुल 118 उड़ानें रद्द की गईं। 16 उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट किया गया, जबकि 130 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें, क्योंकि वर्तमान में संचालन CAT III यानी लो विजिबिलिटी में लैंडिंग की तकनीक के तहत किया जा रहा है, जिससे उड़ानों में संभावित देरी होने की संभवना है।

मौसम का पूर्वानुमान

आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को कोहरे और ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है:

31 दिसंबर: सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। विजिबिलिटी काफी कम रहने की संभावना है।

1 जनवरी: नए साल के पहले दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

2 - 5 जनवरी: मध्यम से घना कोहरा जारी रहेगा। सुबह के समय सड़क और रेल यातायात में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और कोहरे को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही यात्री अपनी ट्रेन और फ्लाइट की स्थिति डिजिटल माध्यमों से लगातार चेक करते रहें ताकि स्टेशन या एयरपोर्ट पर लंबे इंतजार से बचा जा सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।