Delhi AQI Today: दिल्ली में फिर घुटने लगा दम! हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब', आनंद विहार में जहरीली हवा का सबसे ज्यादा कहर

Delhi Pollution Level: आनंद विहार में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' बना हुआ है, जहां सुबह 11 बजे AQI 421 था, जो देर शाम तक बढ़कर 428 हो गया। वजीरपुर में भी AQI 'गंभीर' श्रेणी में फिसल गया और जहां AQI 408 दर्ज किया गया

अपडेटेड Oct 26, 2025 पर 7:36 AM
Story continues below Advertisement
पिछले दिनों मौसम में थोड़ा सुधार की वजह से दिल्ली का AQI 'बहुत खराब' से सुधरकर 'खराब' श्रेणी में आ गया था, लेकिन अब यह सुधार टिक नहीं पाया

Delhi AQI Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता एक बार फिर तेजी से खराब होने लगी है। सेंटर के अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (EWS) ने चेतावनी दी है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) रविवार को 'बहुत खराब' श्रेणी में चला जाएगा। आज सुबह इंडिया गेट पर AQI लेवल 325 दर्ज किया गया, जो की बहुत खराब श्रेणी में आता है। EWS की यह चेतावनी दिल्लीवासियों के लिए चिंता बढ़ाने वाली है, क्योंकि दिल्ली की हवा में ठंड के साथ ही प्रदूषण का जहर घुल रहा है जो दिन-प्रतिदिन उनके लिए खतरनाक होता जा रहा है।

'गंभीर' श्रेणी बनी हुई है आनंद विहार की हवा


पिछले दिनों मौसम में थोड़ा सुधार की वजह से दिल्ली का AQI 'बहुत खराब' से सुधरकर 'खराब' श्रेणी में आ गया था, लेकिन अब यह सुधार टिक नहीं पाया। शनिवार को शहर का AQI पिछले दिन के 275 से बढ़कर 292 पर पहुंच गया, जो 'खराब' श्रेणी में रहा। शाम 7 बजे तक यह 299 तक पहुंच गया, जो 'बहुत खराब' की सीमा से महज एक पॉइंट कम था।

आनंद विहार में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' बना हुआ है, जहां सुबह 11 बजे AQI 421 था, जो देर शाम तक बढ़कर 428 हो गया। वजीरपुर में भी हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में फिसल गया और यहां AQI 408 दर्ज किया गया। हवा का रुख बदलने के कारण पराली जलाने से PM2.5 में योगदान शुक्रवार के 3.45% से घटकर शनिवार को सिर्फ़ 0.98% रह गया। हालांकि, परिवहन का योगदान लगभग 20% बना हुआ है।

AAP और BJP में सियासी बयानबाजी तेज 

प्रदूषण के खराब होते हालातों के बीच, AAP और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें MCD के ट्रक आनंद विहार स्थित एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन के बाहर पानी छिड़कते दिख रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार AQI रीडिंग में हेरफेर कर रही है।

वहीं, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिरसा ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदूषण कम करने के उपाय के तौर पर पूरे शहर में पानी का छिड़काव किया जाता है, और GRAP (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) के तहत भी इसकी सिफारिश की गई है।

आने वाले दिनों में कैसा रह सकता है मौसम

मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान से पता चलता है कि आने वाले दिनों में हवा की गति धीमी रहेगी, जिससे प्रदूषण के कण हवा में बने रहेंगे। EWS के मुताबिक, रविवार को हल्की उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिनकी गति सुबह करीब 4 किमी/घंटा और दोपहर में करीब 8 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस महीने का सबसे कम तापमान था। IMD के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की बारिश और कोहरे का भी अनुमान लगाया है, जिससे प्रदूषण में थोड़ी राहत मिल सकती है। दिल्लीवासियों को सलाह दी गई है कि वे बाहर निकलने से बचें और प्रदूषण से बचाव के सभी उपाय करें, क्योंकि आने वाले दिनों में प्रदूषित हवा का कहर और बढ़ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।