Delhi AQI Today: दिल्ली में दमघोंटू हवा का कहर जारी, 315 पर 'बेहद खराब' श्रेणी में बना हुआ है AQI, CPCB का सर्वर भी हुआ ठप

Delhi AQI Today: CPCB के डेटा के अनुसार दिल्ली के 39 एक्टिव स्टेशनों में से आनंद विहार का AQI 421 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में है। बता दें कि 19 अक्टूबर को AQI के 300 पार होते ही GRAP का फेज 2 लागू कर दिया गया था

अपडेटेड Oct 27, 2025 पर 7:36 AM
अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भी AQI 'बेहद खराब' श्रेणी में रहने की आशंका है

Delhi AQI Today: दिल्ली की हवा दो दिन तक 'खराब' श्रेणी में रहने के बाद रविवार को और बिगड़कर 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 315 दर्ज किया गया, जो शनिवार के 292 से अधिक है। CPCB के डेटा के अनुसार दिल्ली के 39 सक्रिय स्टेशनों में से आनंद विहार का AQI 421 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में है। प्रदूषण के खराब होते हालात के बीच, CPCB के डेटा सिस्टम में एक बड़ी तकनीकी खराब आ गई।

CPCB का डेली का बुलेटिन, जो शाम 4 बजे जारी होना था, सर्वर में खराबी के कारण रविवार को रात 11 बजे जारी किया गया। CPCB की समीर ऐप पर भी दोपहर के बाद कोई डेटा अपडेट नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि शहर के 39 स्टेशन एक्टिव थे और डेटा जमा कर रहे थे, लेकिन सर्वर में खराबी के कारण CPCB की वेबसाइट और ऐप पर अपडेट नहीं हो सका।


हालांकि, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की वेबसाइट पर PM10, PM2.5, NO2, SO2, CO, O3, NH3 और Pb सहित सभी आठ प्रदूषकों की प्रति घंटा रीडिंग उपलब्ध थीं, जिससे पता चलता है कि डेटा एकत्र हो रहा था।

प्रदूषण में बढ़ा पराली का योगदान

AQI बिगड़ने के पीछे दिल्ली के भीतर उत्सर्जन और सीमा-पार प्रदूषण दोनों जिम्मेदार हैं, लेकिन रविवार को पराली से होने वाले प्रदूषण ने सीजन का सबसे बड़ा योगदान दिया। केंद्र के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को पराली जलाने का अनुमानित योगदान 3.71% रहा, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक है। इससे पहले शुक्रवार को यह योगदान 3.45% था। DSS के अनुसार, रविवार को दिल्ली के PM 2.5 का सबसे बड़ा योगदान 'अन्य' श्रेणी से (20.6%), इसके बाद दिल्ली के परिवहन क्षेत्र से (15.5%) और गौतम बुद्ध नगर से (7.57%) आया।

लागू है ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान- 2

AQI के 300 के पार जाते ही GRAP के उपाय लागू हो गए थे, लेकिन अब स्थिति 'बेहद खराब' की तरफ बढ़ रही है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 19 अक्टूबर को AQI के 300 पार होते ही GRAP का चरण 2 लागू कर दिया था। इसके तहत NCR राज्यों से दिल्ली में अंतर-राज्यीय बसों (EV / CNG / BS-VI डीजल को छोड़कर) के प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ाया गया है। AQI का लेवल 400 पार होने पर चरण 3 लागू होगा।

आगे का क्या है अनुमान

अर्ली वार्निंग सिस्टम (EWS) के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भी AQI 'बेहद खराब' श्रेणी में रहने की आशंका है, जिसके बाद हवा की गति में मामूली वृद्धि होने से 28 और 29 अक्टूबर को स्थिति सुधरकर 'खराब' श्रेणी में आ सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।