Delhi AQI Today: दिल्ली-NCR में सर्दी ने अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दिल्ली ने 2026 का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया, जिसके बाद मौसम विभाग (IMD) ने घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हांड कंपाने वाली ठंड के साथ-साथ प्रदूषण का स्तर भी 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे फ्लाइट्स और सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ रहा है।
फिर से प्रदूषण की मार, AQI 310 के पार
ठंड के साथ जहरीली हवा ने दिल्लीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 310 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।मुंडका (369) शहर का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। इसके अलावा 27 अन्य स्टेशनों पर भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। प्रदूषण में सबसे बड़ा योगदान ट्रांसपोर्ट (14.9%) और पड़ोसी जिलों जैसे सोनीपत और झज्जर के उद्योगों का रहा। प्रमुख इलाकों के AQI का हाल:
आनंद विहार: 350- बेहद खराब
चांदनी चौक: 352- बेहद खराब
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा, जो सीजन का सबसे 'कोल्ड डे' बना। सबसे ठंडा इलाका पालम रहा जहां अधिकतम तापमान मात्र 13°C रहा, जो सामान्य से 5.7 डिग्री कम है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 15.7°C दर्ज किया गया। वहीं रात का पारा 7.6°C के आसपास रहा।
कोहरे से फ्लाइट्स ऑपरेशन प्रभावित
बुधवार सुबह के लिए IMD ने घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिसका सीधा असर दिल्ली एयरपोर्ट (IGI) पर दिख रहा है। Air India एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करें। 'फॉगकेयर' पहल के तहत यात्रियों को मुफ्त री-शेड्यूलिंग और रिफंड की सुविधा दी जा रही है। कम विजिबिलिटी के बावजूद एयरपोर्ट पर CAT III सिस्टम की मदद से विमानों की लैंडिंग कराई जा रही है, फिर भी कई उड़ानों में देरी की आशंका है।