Delhi CNG Blast: दिल्ली के टिकरी कलां में सीएनजी स्टेशन पर जोरदार धमाका, गैस टैंक फटने से 3 लोगों की मौत, कई झुलसे

Delhi CNG Blast incident: राजधानी दिल्ली में बुधवार (19 अगस्त) को बाहरी दिल्ली में एक CNG स्टेशन पर हुए धमाके में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह घटना टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास एक CNG पंप पर हुई, जब स्टेशन पर एक रीफिलिंग ट्रक से गैस ट्रांसफर की जा रही थी

अपडेटेड Aug 19, 2026 पर 7:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi CNG Blast incident: सीएनजी स्टेशन पर गैस भरते समय एक ट्रक का गैस सिलेंडर फट गया

Delhi CNG Blast incident: बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां क्षेत्र में बुधवार (19 अगस्त) को एक सीएनजी स्टेशन पर गैस भरते समय एक ट्रक का गैस सिलेंडर फटने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। दिल्ली पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक सीएनजी स्टेशन के कर्मचारी हैं। टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित CNG पंप पर ट्रक के CNG सिलेंडर में जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया।

फायर सर्विस (DFS) के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि बुधवार दोपहर 3.37 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने कहा कि ट्रक के आसपास खड़े छह लोग विस्फोट की चपेट में आ गए।

पुलिस के मुताबिक, जोरदार धमाके में मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सन्नी और चार अन्य लोगों को पास के एक अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान सन्नी की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरे मृतक की पहचान की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि तीन घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस ने कहा कि विस्फोट के सटीक कारण का तुरंत पता नहीं चल पाया है।


धमाके की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच चल रही है। फायर सर्विस के एक अधिकारी के मुताबिक, इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। फायर सर्विस के कर्मचारियों ने मौके पर जरूरी एहतियाती कदम उठाए। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मामले में आगे की जांच जारी है। खबर लिखे जाने तक किसी की हिरासत या गिरफ्तारी की खबर सामने नहीं आई है।

दिल्ली में अवैध रूप से रह रहा पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

इस बीच, खबर है कि राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रहने के आरोप में पुलिस ने पुरानी दिल्ली से एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, यह शख्स नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था और दिल्ली में एक रेस्तरां में काम कर रहा था। उसे 15 अगस्त को हिरासत में लिया गया था। सूत्र ने पीटीआई को बताया, "व्यक्ति की मां मूल रूप से दिल्ली की थीं। लेकिन उन्होंने एक पाकिस्तानी नागरिक से शादी की थी और बाद में पाकिस्तानी नागरिकता ले ली थी।"

उन्होंने बताया कि आरोपी की पृष्ठभूमि और गतिविधियों का पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने उससे लंबी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, अब तक की पूछताछ में कोई आतंकी कोण सामने नहीं आया है। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के बाद उस व्यक्ति को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) को सौंप दिया गया। वहां उसे पाकिस्तान वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- Dog Mask Video: कुत्ते का मास्क पहनकर खंडवा कलेक्ट्रेट पहुंचा फरियादी! कुत्तों की नसबंदी में भ्रष्टाचार का संगीन आरोप, अनोखे प्रोटेस्ट का वीडियो वायरल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।