दिल्ली में 45°C प्रचंड गर्मी के साथ AQI भी हुआ गड़बड़ पर आने वाले घंटों में बारिश का बिग अलर्ट आया, IMD ने ये बताया

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के लोग इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं. एक तरफ जहां सूरज की तपिश और 45 45°C के पार पहुंच चुका पारा लोगों को झुलसा रहा है, वहीं दूसरी तरफ हवा की खराब क्वालिटी ने भी मुश्किल बढ़ा दी है।

अपडेटेड May 27, 2026 पर 1:36 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली में 45°C की प्रचंड गर्मी और बिगड़ती हवा, IMD ने बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के लोग इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं. एक तरफ जहां सूरज की तपिश और 45 45°C के पार पहुंच चुका पारा लोगों को झुलसा रहा है, वहीं दूसरी तरफ हवा की खराब क्वालिटी ने भी मुश्किल बढ़ा दी है। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मंगलवार को बिगड़कर बेहद खराब (Very Poor) कैटेगरी में पहुंच गया। हालांकि इस बीच दिल्लीवालों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले घंटों में मौसम में बदलाव का वेदर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में गुरुवार से लगातार चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बारिश के बाद दिल्ली के मैक्सिमम टेम्परेचर में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आएगी।

मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है। 28 मई से एक ताजा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने जा रहा है। इसका सीधा असर दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्रों पर पड़ेगा। उत्तर प्रदेश के सेंट्रल पार्ट्स के ऊपर जमीन से 0.9 किमी ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन। वहां से नॉर्थ-वेस्ट यूपी होते हुए ओडिशा तक एक ट्रफ़ लाइन भी गुजर रही है। इन सिस्टम्स की वजह से 28 मई से 31 मई के बीच दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर शुरू होगा और लू का असर पूरी तरह खत्म हो सकता है।

दिल्ली का आधिकारिक वेदर फोरकास्ट यहां नीचे देखिए


WhatsApp Image 2026-05-27 at 1.18.12 PM

दिल्ली का तापमान: बारिश से पहले बुधवार को येलो अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक पिछले 24 घंटों में दिल्ली का मैक्सिमम टेम्परेचर 43 डिग्री से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से काफी ज्यादा है। वहीं मिनिमम टेम्परेचर 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। सफदरजंग और उसके आस-पास के इलाकों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आयानगर में तापमान सबसे ज्यादा 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पालम में मैक्सिमम टेम्परेचर 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय दिल्ली में 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलीं। इनकी स्पीड झोंकों में 37 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी।

आज बुधवार का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश का सिलसिला शुरू होने से पहले बुधवार (27 मई) को दिल्ली के लोगों को प्रचंड गर्मी का एक और दौर झेलना होगा। बुधवार के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में 5-7 डिग्री और मिनिमम टेम्परेचर में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी।

गर्मी के साथ AQI भी हुआ खराब, हवा में घुली धूल

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली की हवा भी अचानक काफी प्रदूषित हो गई है। रविवार की रात से ही राजस्थान की तरफ से आने वाली धूल भरी तेज हवाओं ने दिल्ली को अपनी चपेट में ले लिया है। हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पालावत ने बताया है कि राजस्थान से धीरे-धीरे बढ़ने वाली धूल रविवार रात दिल्ली पहुंची और सोमवार व मंगलवार सुबह तक छाई रही। इस धूल भरे गुबार के कारण हवा में पीएम10 (PM10) प्रदूषकों का स्तर अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया। इससे पूरी दिल्ली में एक धुंध की चादर दिखाई दी।

फरवरी के बाद पहली बार वेरी पूअर AQI

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोस बोर्ड (CPCB) के मुताबिक मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 304 दर्ज किया गया। यह 'बेहद खराब' कैटेगरी में आता है। इससे पहले आखिरी बार 11 फरवरी को दिल्ली का AQI 305 दर्ज हुआ था। हालांकि शाम 4 बजे इसमें थोड़ा सुधार हुआ और यह 254 पर आया। शाम 6 बजे यह 252 (Poor Category) दर्ज किया गया। सोमवार को भी दिल्ली का AQI 252 ही था।

CPCB के मानक: 0-50 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मध्यम', 201-300 'खराब', 301-400 'बेहद खराब' और 401-500 'गंभीर' माना जाता है।

दिल्ली वेदर प्रिडिक्शन (28 मई से 2 जून, 2026)

28 मई: धूल भरी आंधी और रात में हल्की बारिश

गुरुवार से मौसम में बड़ा बदलाव शुरू होगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय दिल्ली में गरज-चमक, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज आंधी के साथ हल्की बारिश का अलर्ट है। आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दिन मैक्सिमम टेम्परेचर 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और मिनिमम टेम्परेचर 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

29 मई: तापमान में भारी गिरावट, दिन और रात में बारिश के दो स्पेल

शुक्रवार को दिल्लीवालों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मैक्सिमम टेम्परेचर गिरकर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा, जबकि मिनिमम टेम्परेचर 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दिन बारिश के दो अलग-अलग स्पेल आने का अनुमान है। पहला स्पेल दोपहर से पहले या दोपहर के समय आएगा। इसमें गरज-चमक और 40-50 किमी की आंधी के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। ऐसा ही दूसरा स्पेल रात के समय भी दस्तक देगा।

30 मई: जारी रहेगी आंधी-बारिश, पारा पहुंचेगा न्यूनतम स्तर पर

शनिवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन महसूस हो सकता है। आमतौर पर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। मैक्सिमम टेम्परेचर घटकर 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और मिनिमम टेम्परेचर 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा। इस दौरान भी गरज-चमक, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।

31 मई: मई के आखिरी दिन भी मिलेगी राहत

मई महीने के आखिरी दिन भी दिल्ली का मौसम सुहाना बना रहेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना इस दिन भी बनी रहेगी। मैक्सिमम टेम्परेचर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और मिनिमम टेम्परेचर 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

1 जून: आसमान में छाएंगे बादल, मौसम होना शुरू होगा साफ

जून महीने की शुरुआत के साथ ही बारिश का यह दौर थमने लगेगा। सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम धीरे-धीरे साफ होने की वजह से तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज होगी। इस दिन मैक्सिमम टेम्परेचर 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और मिनिमम टेम्परेचर 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।

2 जून: फिर बढ़ेगी गर्मी, 40 डिग्री के पार जाएगा पारा

अगले हफ्ते के मंगलवार तक दिल्ली में प्री-मानसून का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। आसमान में हल्के बादल तो दिखेंगे, लेकिन धूप का असर बढ़ जाएगा। इस वजह से मैक्सिमम टेम्परेचर एक बार फिर बढ़कर 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा जबकि मिनिमम टेम्परेचर 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम एक्सपर्ट्स का कहना है कि हालांकि यह राहत अस्थाई होगी लेकिन 28 से 31 मई के बीच होने वाली इस प्री-मानसून एक्टिविटी से दिल्ली की तपती जमीन शांत होगी और हवा में जमी धूल भी साफ हो जाएगी। इससे AQI में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें: आज का मौसम 27 मई: IMD ने इन 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट दिया, बिहार से लेकर बंगाल तक 50-60kmph की रफ्तार से टकराएगा बवंडर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।