Delhi Fire News: दिल्ली के ITO इलाके में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की बिल्डिंग में सोमवार (1 जून) सुबह आग लग गई। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, विकास मार्ग पर शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय की दूसरी मंजिल पर लगी आग को बुझाने की कोशिशें जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली दमकल सेवा को इस घटना के बारे में सुबह करीब 9:37 बजे कॉल मिली। सामने आए वीडियो से पता चला कि इमारत की दूसरी मंजिल से घना धुआं निकल रहा था। इसी फ्लोर पर शिक्षा मंत्रालय के अधीन आने वाले सभी ऑफिस स्थित हैं।
आग लगते ही बिल्डिंग के अंदर मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद आनन-फानन में दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को सूचना दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस को इस घटना की जानकारी सुबह 9:37 बजे मिली। इस पर तुरंत कदम उठाते हुए मौके पर करीब 8 गाड़ियों को भेजा गया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि इस इमारत की दूसरी मंजिल से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया, जो अभी भी निकल रहा है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। वहीं, आग कैसे लगी, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है।
बिल्डिंग में पहुंचते ही दमकलकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। बाद में आग पर काबू पा लिया गया। 'दैनिक भास्कर' के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में खराबी को आग की वजह माना जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से पहले AC यूनिट से धुआं और स्पार्किंग होता दिखा था। इसके बाद आग की लपटें उठने लगीं।
इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने शिक्षा मंत्रालय में लगी आग पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट लिखा, "शिक्षा मंत्रालय के कार्यालयों में आग लगने की खबर बेहद चिंताजनक है। यह काफी संदिग्ध भी है।"
साकेट में आग लगने से 6 लोगों की मौत
इससे पहले, दक्षिण दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास चार-मंजिला इमारत गिरने की घटना में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बयान में कहा कि 30 मई को शाम 7:35 बजे सैदुलाजब गांव में एक इमारत गिरने की सूचना महरौली पुलिस स्टेशन के बीट स्टाफ को मिली, जो उस समय नियमित गश्त पर थे। उन्होंने तुरंत कार्रवाई की और अतिरिक्त मदद (बैकअप) भी बुलाई। इसके बाद, पुलिस स्टेशन में शाम 7:38 बजे पहली PCR कॉल दर्ज की गई।
बयान में कहा गया, "साकेत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और शुरुआत में मलबे से छह लोगों को बचाया। सभी राहत एजेंसियों को एक साथ अलर्ट कर दिया गया था।" दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और दिल्ली अग्निशमन सेवा के साथ समन्वय स्थापित करते हुए 9 और लोगों को बचाया गया और बाद में उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया।