दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की शुरुआत कर दी है। इस योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाया जाएगा। योजना के तहत 3 किलोवाट तक का सोलर पैनल मुफ्त लगाया जाएगा। वहीं, 3 किलोवाट से ज्यादा क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी भी मिलेगी। इस योजना के लिए आज 21 सितंबर 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इस योजना में पहले आओ पहले पाओ की तरह से लागू किया गया है।
इस योजना के लिए 21 सितंबर 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। योजना का लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। यानी जो लोग पहले आवेदन करेंगे, उन्हें पहले इस योजना का फायदा मिलेगा। वहीं इच्छुक लोग solar.delhi.gov.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
दिल्ली सरकार सोलर पैनल लगवाने पर दे रही जोर
दिल्ली कैबिनेट से संशोधित सोलर पॉलिसी को मंजूरी मिलने के बाद यह योजना लागू करने का रास्ता साफ हुआ है। नई नीति के तहत पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बिना किसी शुरुआती भुगतान के 3 किलोवाट तक का रूफटॉप सोलर सिस्टम दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार दिल्ली में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दे रही है। सीएम रेखा ने मंगलवार को बताया था कि योजना के तहत पात्र परिवारों को 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम दिया जाएगा। दिल्ली सरकार ने मार्च 2027 तक करीब 2.30 लाख घरों की छतों पर मुफ्त सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य तय किया है। यह सुविधा उन घरों को दी जाएगी, जहां हर महीने बिजली की खपत 400 यूनिट तक है।
सरकार का मकसद इस योजना के जरिए दिल्ली में कुल 500 मेगावाट रूफटॉप सोलर क्षमता जोड़ना है। योजना के तहत पात्र परिवारों को बिजली सब्सिडी के साथ रूफटॉप सोलर से होने वाली बचत का भी लाभ मिलेगा। 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम करीब 300 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है। अगर किसी घर की खपत 200 यूनिट है, तो परिवार सोलर से बनी बिजली का इस्तेमाल कर सकता है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेज सकता है। इस तरह लोगों को मुफ्त बिजली की सुविधा के साथ अतिरिक्त बिजली से कमाई करने का मौका भी मिलेगा। सिस्टम लगाने की सुविधा संबंधित घर की तकनीकी क्षमता और जांच के आधार पर तय होगी।