Delhi Metro Update: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का असर, राजीव चौक-केंद्रीय सचिवालय समेत 11 स्टेशनों पर बंद हुई एंट्री-एग्जिट, घर से निकलने से पहले जानें रूट
Delhi Metro Stations Closed: दिल्ली में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन और गांधी जयंती कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। DMRC ने 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए हैं। अगर आज मेट्रो से निकल रहे हैं, तो रूट पहले जरूर चेक कर लें
2 अक्टूबर को गांधी जयंती कार्यक्रमों के चलते सेंट्रल दिल्ली में सुबह 5 से 11 बजे तक ट्रैफिक पाबंदियां रहेंगी।
Delhi Metro Stations Closed: दिल्ली में शुक्रवार को मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन और गांधी जयंती के कार्यक्रमों को देखते हुए शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी वजह से दिल्ली मेट्रो ने 11 स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट बंद कर दी है। यानी इन स्टेशनों पर न तो यात्री मेट्रो के अंदर जा सकेंगे और न ही बाहर निकल पाएंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। ऐसे में अगर आप आज मेट्रो से सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर चेक कर लें।
खासकर सेंट्रल दिल्ली और जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। कुछ दूसरे मेट्रो स्टेशनों और सड़क मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। सुरक्षा व्यवस्था के चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक भी प्रभावित होने की संभावना है।
इन 11 मेट्रो स्टेशनों पर बंद रहेगी एंट्री-एग्जिट
DMRC के मुताबिक, यात्रियों को इन स्टेशनों से अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी:
जनपथ
पटेल चौक
केंद्रीय सचिवालय
राजीव चौक
सेवा तीर्थ
मंडी हाउस
लोक कल्याण मार्ग
INA
चावड़ी बाजार
रामकृष्ण आश्रम मार्ग
नई दिल्ली
यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर की योजना बनाते समय इन स्टेशनों को ध्यान में रखें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मेट्रो रूट का इस्तेमाल करें।
Service Update
The entry and exit at the following metro stations will remain closed till further notice. However, interchange facility will remain available at Rajiv Chowk, Mandi House, INA, New Delhi and Central Secretariat stations: 1. Janpath 2. Patel Chowk 3. Central Secretariat 4. Rajiv Chowk 5. Seva Teerth 6. Mandi House 7. Lok Kalyan Marg 8. INA 9. Chawri Bazar 10. Ramakrishna Ashram Marg 11. New Delhi — Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) October 2, 2026
जंतर-मंतर पर क्यों बढ़ाई गई सुरक्षा?
जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से प्रदर्शन की योजना है। प्रदर्शन में चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठाए जाने की बात कही गई है। AAP नेताओं आतिशी, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया ने समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए किसी संगठन को अनुमति नहीं दी गई है।
करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का बड़ा इंतजाम किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जंतर-मंतर के आसपास कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
गांधी जयंती कार्यक्रमों का भी असर
शुक्रवार को राजघाट और विजय घाट पर गांधी जयंती से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में सुबह 5 बजे से 11 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को जंतर-मंतर, अशोका रोड, संसद मार्ग और आसपास की सड़कों से बचने की सलाह दी है।
मेट्रो से जाना है तो ये स्टेशन रहेंगे विकल्प
जंतर-मंतर के आसपास जाने वाले यात्री बंद किए गए स्टेशनों के बजाय कुछ दूसरे मेट्रो स्टेशनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। बाराखंभा रोड, शिवाजी स्टेडियम, चांदनी चौक और कश्मीरी गेट ऐसे विकल्प हैं, जहां से आगे सड़क मार्ग या पैदल जाया जा सकता है। हालांकि, यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले मौजूदा ट्रैफिक और मेट्रो स्थिति की जानकारी जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
धारा 163 के तहत भी पाबंदियां
नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इसके तहत बिना लिखित अनुमति पांच या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह इकट्ठा होने, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और नारेबाजी पर रोक है।
पुलिस ने बैनर, पोस्टर, लाठी और कुछ अन्य सामान लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।