Delhi Metro News: राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत दिल्ली मेट्रो के ये 6 स्टेशन बंद, INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले सुरक्षा सख्त

Delhi Metro closes News: विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की योजना के कारण आज दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट बंद हैं। DMRC ने कहा कि पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। यहां एंट्री और एग्जिट गेट सोमवार (12 अक्टूबर) सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे के बीच बंद रहेंगे

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 7:43 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Metro closes: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बताया कि विपक्षी मार्च के कारण 6 मेट्रो स्टेशन आज बंद रहेंगे

Delhi Metro closes: राजधानी दिल्ली में विपक्षी गठबंधन 'INDIA' ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक आज (12 अक्टूबर) होने वाले मार्च के ऐलान के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सोमवार, 12 अक्टूबर को सुरक्षा कारणों से छह मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का फैसला किया है। ये प्रतिबंध सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेंगे। हालांकि, इन स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा मिलती रहेगी। DMRC ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी।

DMRC के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के बाद प्रतिबंधों की अवधि में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले मेट्रो सेवाओं से जुड़ी ताजा जानकारी देख लेने की सलाह दी जाती है। डीएमआरसी ने X पोस्ट में लिखा, "सुरक्षा कारणों से, 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक नीचे दिए गए मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां ​​स्थिति की समीक्षा करेंगी और उसी के अनुसार ज़रूरी जानकारी दी जाएगी। हालांकि, संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।"

ये स्टेशन रहेंगे बंद


दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कहा कि पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। यहां एंट्री और एग्जिट गेट सोमवार (12 अक्टूबर) सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे के बीच बंद रहेंगे। हालांकि, DMRC के अनुसार, संबंधित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों पर लगाए गए प्रतिबंधों का सीधा असर सेंट्रल सेक्रेटेरिएट के प्रमुख इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना चाहिए और यात्रा से पहले DMRC की आधिकारिक सूचना की पुष्टि कर लेनी चाहिए।

क्यों बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों के गेट?

मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिबंध ऐसे समय लगाया गया है, जब INDIA ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों और कथित 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने की तैयारी कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई। बताया गया कि 'वोट चोरी' के आरोपों और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) से जुड़े मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। CNN News18 की एक रिपोर्ट के अनुसार, CJI ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनके प्रतिनिधिमंडल की उस मुलाकात की अपील को ठुकरा दिया है।

ये भी पढ़ें- Delhi Traffic Advisory: आज घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी, दिल्ली की 25 से ज्यादा सड़कों पर रहेगा डायवर्जन

सूत्रों का कहना है कि इस फैसले के बारे में बताते हुए गांधी को एक विस्तृत जवाब भेजा गया है। CJI सूर्यकांत ने 'वोट चोरी' के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से यह कहते हुए मुलाकात से इनकार कर दिया कि इस तरह के मुद्दे पहले ही सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, CJI ने संकेत दिया है कि ज्ञापन सौंपने के बजाय, गांधी और उनके प्रतिनिधिमंडल को याचिका दायर करके अदालत का रुख करना चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली के महत्वपूर्ण इलाकों में मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि लोकतंत्र और भारतीय संविधान में विश्वास रखने वाले सभी विपक्षी दलों के लोग इस मार्च में शामिल होंगे। उनके मुताबिक, इसमें अलग-अलग जातियों, समुदायों, राज्यों और वर्गों के लोग हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की ओर से चीफ जस्टिस को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें कथित वोट चोरी को रोकने, SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग शामिल होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और RSS प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिशों का आरोप भी लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने CJI को पत्र लिखकर सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच मुलाकात का समय भी मांगा है। INDIA ब्लॉक के नेता आज दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस से बाराखंभा रोड तक 2 किमी पैदल चलेंगे। इसके बाद विपक्षी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट जाने का प्लान है।

ये भी पढ़ें- Delhi Traffic Advisory: आज घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी, दिल्ली की 25 से ज्यादा सड़कों पर रहेगा डायवर्जन

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।