दिल्ली के मुस्तफाबाद में नई नवेली दुल्हन ने चौथी मंजिल से कूदकर दी जान! भोपाल, नोएडा के बाद लखनऊ में हुई ऐसा वारदात

Delhi Suicide: शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़की ने करीब तीन महीने पहले अपनी पसंद के लड़के से शादी की थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन शादी के एक महीने बाद ही ससुराल वालों का रंग बदलने लगा। मायके वालों का आरोप है कि पति और उसके घरवाले लगातार सोने के गहने और कैश की मांग कर रहे थे

अपडेटेड May 26, 2026 पर 6:09 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली के मुस्तफाबाद में नई नवेली दुल्हन ने चौथी मंजिल से कूदकर दी जान! (FILE PHOTO)

देश में कड़े कानूनों के बावजूद दहेज का दानव थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां महज 3 महीने पहले ब्याही गई एक 25 साल की लड़की ने इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। मायके वालों का आरोप है कि पति और ससुराल वालों के ताने और दहेज के लिए मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली घटना सोमवार को हुई। चौथी मंजिल से गिरने के बाद लहूलुहान हालत में लड़की को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़की ने करीब तीन महीने पहले अपनी पसंद के लड़के से शादी की थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन शादी के एक महीने बाद ही ससुराल वालों का रंग बदलने लगा। मायके वालों का आरोप है कि पति और उसके घरवाले लगातार सोने के गहने और कैश की मांग कर रहे थे। इस मांग को लेकर उसे इस कदर मानसिक तौर पर टॉर्चर किया गया कि वह पिछले कुछ हफ्तों से गहरे तनाव में थी और आखिरकार उसने मौत को गले लगा लिया। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।


दिल्ली की यह घटना ऐसे समय में आई है जब हाल ही में भोपाल में एक्टर-मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत से पूरा देश हिल गया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले ने देश में दहेज प्रथा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।

वकील पति जेल में, पूर्व जज सास भी आरोपी

ट्विशा के मायके वालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया गया। इस मामले में ट्विशा का वकील पति समर्थ सिंह इस वक्त पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि उसकी मां गिरिबाला सिंह (जो एक रिटायर्ड जज हैं) को भी आरोपी बनाया गया है। ट्विशा के परिवार ने पुलिस जांच में गड़बड़ी और सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए फोन रिकॉर्ड्स खंगालने की मांग की है।

नोएडा और लखनऊ से भी आई ऐसी ही खौफनाक खबरें

दहेज की यह आग सिर्फ दिल्ली या भोपाल तक सीमित नहीं है, देश के अन्य हिस्सों से भी ऐसी ही डरावनी कहानियां सामने आई हैं:

नोएडा में छत से कूदी दीपिका: नोएडा में 24 साल की दीपिका ने कई दिनों तक चले टॉर्चर और मारपीट से तंग आकर अपने घर की छत से छलांग लगा दी। मायके वालों का आरोप है कि पति और ससुराल वाले और ज्यादा दहेज मांग रहे थे और न मिलने पर रोज मारपीट करते थे।

लखनऊ में फंदे से लटकी मिली लाश: अभी बीते सोमवार को ही लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक 29 साल की महिला की लाश उसके ससुराल में फंदे से लटकी मिली। लड़की के परिवार ने सीधे तौर पर इसे दहेज के लिए किया गया मर्डर (हत्या) बताया है।

इन सभी मामलों में एक ही पैटर्न दिख रहा है- शादी के कुछ ही दिनों बाद पैसों की भूख जागना, फिर प्रताड़ना और अंत में एक हंसती-खेलती जिंदगी का खत्म हो जाना। पुलिस इन सभी मामलों में कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने विदाई के समय मांगे थे 2 लाख रुपये! CBI की FIR में सामने आए नए आरोप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।