Delhi AQI: दिल्ली पर 'स्मॉग' और प्रदूषण की दोहरी मार, AQI 400 के पार; जनवरी में भी लोगों का सांस लेना मुहाल

Delhi AQI Today: समीर ऐप और अन्य मॉनिटरिंग स्टेशनों के अनुसार, दिल्ली के अधिकांश हिस्से खतरनाक प्रदूषण की चपेट में है। प्रदूषण के गंभीर स्तर पर पहुंचने के साथ ही दिल्ली में GRAP-4 लागू कर दिया गया है। दिल्ली में भारी वाहनों की एंट्री बंद है और निर्माण कार्यों पर रोक लगी हुई है

अपडेटेड Jan 19, 2026 पर 8:28 AM
Story continues below Advertisement
आज सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 418 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है

Delhi AQI Today: देश की राजधानी दिल्ली इस समय 'दमघोंटू' हवा और 'जीरो विजिबिलिटी' के दोहरे संकट से जूझ रही है। सोमवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 418 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। मौसम विभाग (IMD) ने घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम है जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

रेड जोन में दिल्ली के कई इलाके

समीर ऐप और अन्य मॉनिटरिंग स्टेशनों के अनुसार, दिल्ली के अधिकांश हिस्से खतरनाक प्रदूषण की चपेट में है। अशोक विहार और विवेक विहार जैसे इलाके सर्वाधिक प्रदूषित क्षेत्र है जहां AQI 473 तक पहुंच गया है। नॉर्थ कैंपस (468), आनंद विहार (462) और मुंडका (467) प्रमुख हॉटस्पॉट्स है। कोहरे की नमी प्रदूषक तत्वों (PM2.5 और PM10) के साथ मिलकर 'स्मॉग' बना रही है, जो जमीन के करीब ही टिका हुआ है।


दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI डेटा

विवेक विहार: 473- गंभीर

वजीरपुर: 472- गंभीर

रोहिणी: 471- गंभीर

सोनिया विहार: 470- गंभीर

आनंद विहार: 462- गंभीर

ITO: 432- गंभीर

क्या है मौसम का हाल?

घने कोहरे के कारण सुबह के समय हेडलाइट और फॉग लाइट के बिना वाहन चलाना लगभग असंभव हो गया है। आज अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम 8°C रहने की संभावना है। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे प्रदूषण के कण जमीन पर बैठ सकते हैं और हवा साफ हो सकती है।

प्रदूषण के गंभीर स्तर पर पहुंचने के साथ ही दिल्ली में GRAP-4 लागू कर दिया गया है। दिल्ली में भारी वाहनों की एंट्री बंद है और निर्माण कार्यों पर रोक लगी हुई है। बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। बाहर निकलते समय N-95 मास्क का अनिवार्य प्रयोग करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।