Delhi AQI: दिल्ली में जहरीली हवा का कहर जारी, गणतंत्र दिवस से पहले 'गैस चैंबर' बनी राजधानी, गंभीर श्रेणी में AQI

Delhi AQI Today: इंडिया गेट और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में घनी धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। ठंडी और शांत हवा के कारण PM 2.5 जैसे महीन कण वातावरण में ऊपर नहीं जा पा रहे है। यही वजह है कि पूरी दिल्ली में लो विजिबिलिटी बनी हुई

अपडेटेड Jan 11, 2026 पर 7:39 AM
Story continues below Advertisement
मौसम की सुस्ती और गिरते तापमान ने प्रदूषक तत्वों को जमीन के करीब कैद कर दिया है, जिससे सांस लेना दूभर हो गया है

Delhi AQI Today: आज सुबह दिल्ली एक बार फिर जहरीले स्मॉग की गिरफ्त में है। गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बीच, राजधानी की हवा लगातार तीसरे दिन 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। मौसम की सुस्ती और गिरते तापमान ने प्रदूषक तत्वों को जमीन के करीब कैद कर दिया है, जिससे सांस लेना दूभर हो गया है। दिल्ली के कई इलाकों में AQI 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 375 दर्ज किया गया है, लेकिन कई इलाकों में स्थिति 'इमरजेंसी' स्तर पर है।

अलीपुर: 421 (गंभीर श्रेणी)

जहांगीरपुरी और वजीरपुर: 404 (गंभीर श्रेणी)


अन्य इलाके: दिल्ली के 39 में से अधिकांश केंद्रों पर हवा 'बहुत खराब' (301-400) श्रेणी में बनी हुई है।

लो विजिबिलिटी के साथ मौसम की मार

इंडिया गेट और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में घनी धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं की गति 8 किमी/घंटा से भी कम है। ठंडी और शांत हवा के कारण PM 2.5 जैसे महीन कण वातावरण में ऊपर नहीं जा पा रहे है। यही वजह है कि पूरी दिल्ली में लो विजिबिलिटी बनी हुई जिससे सड़क परिवहन से लेकर फ्लाइट ऑपरेशन में बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

जहरीली हवा के साथ-साथ दिल्ली में कड़ाके की ठंड ने भी दस्तक दे दी है। दिल्लीवासियों  को फिलहाल हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। तापमान इस सीजन के न्यूनतम स्तर पर रह रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे गिरने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों की सलाह

प्रशासन ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान(GRAP) की पाबंदियां सख्त कर दी हैं, लेकिन लोगों को अपनी सुरक्षा का ध्यान खुद भी रखने की जरूरत है:

N95 मास्क का प्रयोग: साधारण कपड़े के मास्क PM 2.5 कणों को नहीं रोक सकते, इसलिए बाहर निकलते समय N95 मास्क ही पहनें।

आउटडोर एक्सरसाइज से बचें: सुबह और शाम के समय पार्क में टहलने या भारी कसरत करने से बचें।

बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा: अस्थमा या हृदय रोगियों को खिड़कियां बंद रखने और जरूरत होने पर एयर प्यूरीफायर का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

AQI का पैमाना

0-100: अच्छी/संतोषजनक- न्यूनतम प्रभाव

201-300: खराब- सांस लेने में तकलीफ

301-400: बहुत खराब- लंबी अवधि तक संपर्क में रहने पर फेफड़ों की बीमारी

401-500: गंभीर- स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित करती है, मरीजों के लिए जानलेवा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।