Delhi AQI Today: दिल्ली में दमघोंटू हवा का कहर जारी, AQI 400 के पार, सारे उपाय फेल! दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

Delhi Air Pollution: 23 अक्टूबर को दिल्ली की हवा की हालत और खराब हो गई है। लोगों का सांस लेना दुश्वार हो गया है। दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए सरकार ने कई दावे किए थे, लेकिन मौसम का रुख बदलते ही AQI का 400 के पार जाना बताता है कि जमीनी स्तर पर उनका कोई खास असर नहीं दिख रहा है

अपडेटेड Oct 23, 2025 पर 7:29 AM
Story continues below Advertisement
राजधानी के आनंद विहार इलाके में AQI 427 दर्ज किया गया, जो 'सीवियर' कैटेगरी में आता है

Delhi  AQI Today: देश की राजधानी दिल्ली की हवा दिन-ब-दिन जहरीली होती जा रही है। प्रदूषण कंट्रोल के सारे दांव-पेंच नाकाम साबित हुए हैं, और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वहीं दूसरी तरफ, अरब सागर में बने चक्रवात जैसे हालात की वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है।

दिल्ली में जहरीली  हवा  का कहर


गुरुवार, 23 अक्टूबर को दिल्ली की हवा की हालत और खराब हो गई है। लोगों का सांस लेना दुश्वार हो गया है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के आनंद विहार इलाके में AQI 427 दर्ज किया गया, जो 'सीवियर' कैटेगरी में आता है। दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए सरकार ने कई दावे किए थे, लेकिन मौसम का रुख बदलते ही AQI का 400 के पार जाना बताता है कि जमीनी स्तर पर उनका कोई खास असर नहीं दिख रहा है। स्वास्थ्य के लिहाज से AQI का यह स्तर बेहद गंभीर माना जाता है।

दक्षिण भारत में मौसम का तूफानी मिजाज

जहां उत्तर भारत दमघोंटू प्रदूषण से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारत में मौसम एकदम उलट है। अरब सागर की गतिविधियों के कारण कई दिनों से वहां जबरदस्त बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों तक पूरे दक्षिण, पूर्व, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

देश के बाकी हिस्सों का हाल

पूर्वी भारत: अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 23 से 27 अक्टूबर के बीच मध्यम से तेज बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

मध्य भारत: मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है, और ओडिशा में 23 अक्टूबर को घना कोहरा छा सकता है।

उत्तर भारत में ठंडक: उत्तर भारत के राज्यों में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे इन इलाकों में सर्दियों की शुरुआत महसूस होने लगेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।