Delhi-NCR Rain: दिल्‍ली-NCR में बारिश का तांडव, गाजियाबाद में धंसी सड़क में समा गए कार और स्कूटर

Delhi-NCR Rain : लगातार हुई तेज बारिश से गाजियाबाद और नोएडा के कई इलाकों में पानी भर गया। गाजियाबाद के वसुंधरा में अटल चौक के पास सड़क अचानक धंस गई, जिससे एक कार और एक स्कूटर गड्ढे में गिर गए। बता दें कि भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए गुरुवार को गाजियाबाद के सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया

अपडेटेड Jul 09, 2026 पर 2:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है।

Delhi-NCR Rain : देश की राजधानी दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। ऑफिस और स्‍कूल-कॉलेज जानेवाले हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। वहीं लगातार हो रही बारिश में एक हैरान कर देने वाला वीडियो गाजियाबाद से आया है। गाजियाबाद के वसुंधरा में अटल चौक के पास सड़क अचानक धंस गई, जिससे एक कार और एक स्कूटर गड्ढे में गिर गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सड़क धंसी, कार और स्कूटर गड्ढे में गिरे

लगातार हुई तेज बारिश से गाजियाबाद और नोएडा के कई इलाकों में पानी भर गया। गाजियाबाद के वसुंधरा में अटल चौक के पास सड़क अचानक धंस गई, जिससे एक कार और एक स्कूटर गड्ढे में गिर गए। बता दें कि भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए गुरुवार को गाजियाबाद के सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया। यह आदेश नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और सभी प्राइवेट स्कूलों पर लागू रहा। यह फैसला जिलाधिकारी के निर्देश पर लिया गया।


वहीं, नोएडा के सेक्टर-115 में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि लोगों को घुटनों तक पानी में चलकर निकलना पड़ा। गाजियाबाद के शास्त्रीनगर इलाके में भी जलभराव के कारण ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को लंबा जाम झेलना पड़ा।

यूपी के सभी जिलों में अलर्ट

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। महरौली-बदरपुर रोड पर पानी भरने से ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जल निकासी व्यवस्था पर दबाव बढ़ने से कई गाड़ियां पानी में फंसी नजर आईं। इसके अलावा बुराड़ी इलाके में भी जलभराव की स्थिति रही। वहीं, अक्षरधाम मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (एनएच-24) पर भारी जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली में बारिश के बीच गिरे बड़े पेड़

दक्षिण दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में राजा धीर सिंह मार्ग पर बुधवार देर रात दो बड़े पेड़ गिर गए। दोनों घटनाएं करीब 600 मीटर की दूरी पर हुईं। एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास गिरा, जबकि दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के पास गिरा। पेड़ गिरने से एक कार उसके नीचे दब गई। हालांकि, अस्पताल के पास लोगों की आवाजाही ज्यादा होने के बावजूद किसी के घायल होने की खबर नहीं है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी इसी सड़क पर एक पेड़ गिरने से दो लग्जरी कारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को संभाला और रास्ता साफ कराने का काम शुरू कराया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।