Delhi NCR Mausam Today: IMD ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के लिए जारी किया येलो अलर्ट, इन इलाकों में आएगी तेज बारिश और आंधी

Delhi NCR Weather Today 1 July: मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली के लगभग सभी कोनों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही बहुत हल्की से लेकर हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।

अपडेटेड Jul 01, 2026 पर 8:38 AM
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36°C से 38°C (कुछ क्षेत्रों में 40°C तक) और न्यूनतम तापमान 27°C से 29°C के बीच रहने का अनुमान है।

Delhi NCR Weather Today 1 July: दिल्ली-एनसीआर में भीषण और दमघोंटू उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आस-पास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दोपहर या शाम तक दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासी उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। मंगलवार को उमस की वजह से दिल्ली का 'फील्स-लाइक' इंडेक्स (गर्मी का अहसास कराने वाला सूचकांक) 53.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून दस्तक दे देगा।

दिल्ली-एनसीआर के इन इलाकों में मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली के लगभग सभी कोनों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही बहुत हल्की से लेकर हल्की बारिश होने की संभावना है। जिन प्रमुख इलाकों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें शामिल हैं:

  • दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी दिल्ली
  • शाहदरा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली
  • सेंट्रल दिल्ली और नई दिल्ली
  • दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली
  • पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली

इसके साथ ही दिल्ली से सटे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के इलाकों में भी मौसम का ऐसा ही मिजाज देखने को मिलेगा।


40-50 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी, कैसा रहेगा तापमान?

आंधी का अलर्ट: बुधवार दोपहर या शाम के वक्त जब बारिश का दौर शुरू होगा, तब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी। इसकी स्पीड बीच-बीच में 60 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकती है। आज दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हवा मुख्य रूप से पश्चिमी दिशा से 22 किमी/घंटा की रफ्तार से चली, जो दोपहर में बढ़कर 25 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। शाम और रात के समय हवा की गति फिर से कम होकर 22 किमी/घंटा के आसपास आ जाएगी।

राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी 01 जुलाई का दिल्ली का वेदर मैप देखिए राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी 01 जुलाई का दिल्ली का वेदर मैप देखिए

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36°C से 38°C (कुछ क्षेत्रों में 40°C तक) और न्यूनतम तापमान 27°C से 29°C के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।

जून में कम बरसे बदरा

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार जून के महीने में दिल्ली में बेहद कम बारिश दर्ज की गई है। पूरे जून के दौरान सफदरजंग में केवल 41.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि इस महीने का सामान्य आंकड़ा 74.1 मिमी होता है। सफदरजंग में यह पिछले चार वर्षों में जून के महीने में हुई सबसे कम बारिश है। यही कारण है कि मानसून के आगमन से ठीक पहले दिल्ली को भीषण उमस का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली का सफदरजंग इलाका 37.6 डिग्री तापमान पर तप रहा था जबकि रिज इलाका 41.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

अगले 7 दिनों में 5 से 6 डिग्री गिरेगा तापमान, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी तैयार

दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए आने वाले दिन बेहद सुहावने होने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में 2 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इस सिस्टम और मानसून के आगे बढ़ने के कारण अगले 7 दिनों के भीतर दिल्ली-एनसीआर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आएगी। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 34°C से 36°C के बीच आ जाएगा जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।

ऑल इंडिया वेदर अपडेट: बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश

IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में मानसून के तेजी से सक्रिय होने की वजह से एक कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होने वाला है। इस सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में देश के एक बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश होगी। आईएमडी ने 2 से 4 जुलाई के बीच कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के इलाकों में भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों तक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने निचले और जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इससे जल-जमाव और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

Delhi-Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भयानक हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद धू-धू कर जली बस, 2 की मौत और 17 घायल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।