Delhi NCR Weather Update: दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार की शुरुआत तेज हवाओं और हल्की बारिश के साथ हुई है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज सुबह ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में तड़के से ही आसमान में काले बादल छा गए हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में भी सुबह-सुबह भारी बारिश, गरज और बिजली कड़कने की घटनाएं सामने आई हैं।
सुबह-सुबह बदला मौसम, उमस से मिली राहत
गुरुवार सुबह दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के अलग अलग इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ। कई जगहों पर बादलों की गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली चमकने के साथ वर्षा दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश की वजह से कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। खास दिन के शुरुआती 2-3 घंटों में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली के इन इलाकों में बारिश और 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली के लगभग सभी हिस्सों में बारिश और थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। झोंकों के दौरान इन हवाओं की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
IMD ने दिल्ली-एनसीआर के लिए जारी किया ये पूर्वानुमान
मौसम विभाग की ओर से 17 सितंबर के लिए जारी आधिकारिक दैनिक पूर्वानुमान के मुताबिक दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर से पहले के दौरान अलग-अलग जगहों पर बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने का अनुमान है। अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम (-1.6°C से -3.0°C) दर्ज किया जाएगा जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास (-1.5°C से 1.5°C) रहेगा।
सुबह के समय मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 किमी/घंटे तक की गति से सतही हवाएं चलेंगी। दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति बढ़कर 15 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं शाम और रात के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की रफ्तार घटकर 10 किमी/घंटे तक रहने की संभावना है।